जैकलीन फर्नांडिस की बढ़ीं मुश्किलें, 'सरकारी गवाह' बनने की याचिका पर ED का विरोध
क्या है खबर?
सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जैकलीन फर्नांडिस की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दिल्ली की एक अदालत में अभिनेत्री की उस याचिका का विरोध किया है, जिसमें उनके द्वारा 'सरकारी गवाह' बनने की बात कही गई थी। ED ने कहा कि जैकलीन पूरी तरह ठग के आपराधिक इतिहास से अवगत थीं, फिर भी उन्होंने उसके साथ अपना संबंध जारी रखने का विकल्प चुना और महंगे उपहार स्वीकार किए।
दावा
पीड़ित होने का दावा सबूतों के बिल्कुल विपरीत
बार एंड बेंच के मुताबिक, ED ने जैकलीन के 'सरकारी गवाह' बनने की याचिका का विरोध करते हुए तर्क दिया कि मामले में उनकी भूमिका एक मामूली भागीदार की नहीं, बल्कि अपराधिक आय की एक अहम लाभार्थी की है। वह मनी लॉन्ड्रिंग योजना में सक्रिय भागीदार थीं। उनका पीड़ित होने का दावा रिकॉर्ड में मौजूद सबूतों के विपरीत था। इसलिए, उन्हें सरकारी गवाह बनाना न्याय का उल्लंघन होगा और उनके द्वारा किए गए अपराध की गंभीरता को कम करेगा।।
सुनवाई
12 मई को होगी अगली सुनवाई
मामले की सुनवाई करते हुए अदालत ने जैकलीन से ED के जवाब पर प्रतिक्रिया देने को कहा है और अगली सुनवाई के लिए 12 मई की तारीख तय की है। बता दें, अभिनेत्री ने हाल ही में दिल्ली की एक अदालत में याचिका दायर करते हुए कहा था कि वह 'सरकारी गवाह' बनना चाहती हैं। यह घटनाक्रम ऐसे वक्त में सामने आया, जब कुछ महीने पहले सुप्रीम कोर्ट ने उनके खिलाफ आपराधिक कार्यवाही रद्द करने से इनकार कर दिया था।