रणबीर कपूर पर भड़के लोगों ने इंदिरा कृष्णन से पूछा- गोमांस खाने वाले की मां बनोगी?
क्या है खबर?
नितेश तिवारी की बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही फिल्म 'रामायण' में भगवान राम के किरदार के लिए रणबीर कपूर की कास्टिंग शुरुआत से ही विवादों में रही, जहां सोशल मीडिया पर एक वर्ग ने उनकी निजी और फिल्मी छवि को इस मर्यादापूर्ण भूमिका के खिलाफ बताया। इसी बहस के बीच फिल्म में मां कौशल्या बनीं अभिनेत्री इंदिरा कृष्णन को भी भारी ट्रोलिंग झेलनी पड़ी। इंदिरा ने अब इन भद्दे कमेंट्स पर ट्रोल्स को करारा जवाब दिया है।
विरोध
अरुण गोविल से तुलना और रिलीज से पहले का विरोध
रामानंद सागर के टीवी शो 'रामायण' में भगवान राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल से तुलना होने के कारण इस आलोचना को एक नया पहलू मिल गया था।
अब नितेश तिवारी की इस भव्य फिल्म में माता कौशल्या की भूमिका निभा रहीं अभिनेत्री इंदिरा कृष्णन ने न्यूज 18 से बातचीत की है।
उन्होंने बताया कि फिल्म की रिलीज से पहले जो नकारात्मक माहौल और संदेह था, रिलीज के बाद दर्शकों की सोच और भावनाओं में कैसे बड़ा बदलाव आया।
बयान
"दुनियाभर के लोग आज 'रामायण' की तुलना 'द ओडिसी' से कर रहे"
इंदिरा ने आगे कहा, "दर्शकों को ये समझने की जरूरत है कि इतनी बड़ी फिल्म बनाना निर्माता नमित मल्होत्रा के लिए एक बहुत बड़ा जोखिम है। उन्होंने आज की दुनिया के सामने 'रामायण' को पेश करने के लिए सारी सीमाएं तोड़ दी हैं और खुद को हर हद से आगे ले गए हैं। आज दुनियाभर के लोग इसकी तुलना क्रिस्टोफर नोलन की 'द ओडिसी' से कर रहे हैं, लेकिन फिल्म देखने से पहले ज्यादातर दर्शक इसे लेकर आश्वस्त नहीं थे।"
नाराजगी
रणबीर को राम बनाने पर भड़के लोग, इंदिरा से पूछा ये सवाल
इंदिरा कृष्णन ने बताया कि रणबीर को भगवान राम के किरदार में लेने से कुछ लोग बड़े निराश थे। उन्हें कई ऐसे मैसेज मिले, जिनमें पूछा गया था, 'क्या तुम गोेमांस खाने वाले की मां का किरदार निभा रही हो?' दरअसल, रणबीर का साल 2011 का एक पुराना इंटरव्यू फिर चर्चा में आ गया था। इसमें उन्होंने खुद को गोमांस खाने का शौकीन बताया था। इसके बाद फिल्म में राम की भूमिका निभाने को लेकर उनकी आलोचना होने लगी।
दावा
लोगों ने पैसे लेकर रणबीर को ट्रोल किया?
इंदिरा ने बताया कि रणबीर को बहुत ट्रोल किया गया, लेकिन उन्होंने कभी कोई जवाब नहीं दिया। वो चुपचाप सेट पर आते और अपना पूरा काम करते थे।
इंदिरा के मुताबिक, कुछ लोगों ने पैसे लेकर फिल्म को ट्रोल किया था। उन्होंने कहा कि फिल्म की आलोचना करने से पहले लोगों को समझना चाहिए कि इसे भारतीय सिनेमा को दुनिया तक पहुंचाने के लिए बनाया गया है। उन्हें खुशी है कि वे दर्शकों के लिए ऐसी शानदार फिल्म बना सके।