Loading...
'रामायण' से जुड़ी करोड़ों का काम संभालने वाली 'प्राइम फोकस' पर आयकर विभाग का शिकंजा
'रामायण' की VFX कंपनी 'प्राइम फोकस' पर IT रेड

'रामायण' से जुड़ी करोड़ों का काम संभालने वाली 'प्राइम फोकस' पर आयकर विभाग का शिकंजा

Oct 07, 2026
02:10 pm

क्या है खबर?

आयकर विभाग ने 'प्राइम फोकस लिमिटेड' के मुंबई स्थित दफ्तरों पर छापेमारी की है। ये कार्रवाई निर्माता वासु भगनानी और कुमार मंगत पाठक के ठिकानों पर हुई रेड के कुछ ही दिनों बाद देखने को मिली है। नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' के VFX का काम संभाल रही कंपनी बुधवार, 7 अक्टूबर को आयकर विभाग के रडार पर आ गई। खबरों के मुताबिक, अधिकारियों ने मुंबई स्थित कंपनी के दफ्तरों पर छापेमारी की कार्रवाई शुरू की है।

छापेमारी

खबर आते ही 8 प्रतिशत गिरे कंपनी के शेयर

CNBC-TV18 की रिपोर्ट के मुताबिक, आयकर विभाग की छापेमारी प्राइम फोकस से जुड़े कुछ अन्य लोगों के ठिकानों पर भी की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, ये पूरी कार्रवाई विदेशी लेन-देन से जुड़े मामलों को लेकर है। हालांकि, जांच के दायरे में आई विशिष्ट लेन-देन को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

आयकर विभाग की छापेमारी की खबर आते ही शेयर बाजार में 'प्राइम फोकस' के शेयरों में 8 फीसदी तक की बड़ी गिरावट दर्ज की गई।

कमाई

प्राइम फोकस की 92 फीसदी कमाई विदेशों से

निवेशकों की ये प्रतिक्रिया कंपनी के विदेशी कारोबार से जुड़ी है, क्योंकि प्राइम फोकस का लगभग 92 प्रतिशत राजस्व विदेशी बाजारों से आता है।

यही वजह है कि विदेशी लेन-देन इसके व्यवसाय का मुख्य हिस्सा हैं। फिलहाल, आयकर विभाग की छापेमारी जारी है और लेन-देन के ब्यौरे का इंतजार है।

हालांकि, प्राइम फोकस या जांच के दायरे में आए लोगों की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

ADVERTISEMENT

असर

क्या पड़ेगा रणबीर कपूर की फिल्म पर असर?

बता दें कि प्राइम फोकस की ग्रुप कंपनी 'DNEG' नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' के VFX पर काम कर रही है।

रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश अभिनीत इस बड़े बजट की फिल्म से जुड़े होने के कारण इस छापेमारी पर बॉलीवुड की नजरें टिकी हैं।

हालांकि, माना जा रहा है कि इस जांच का फिल्म के प्रोडक्शन या रिलीज शेड्यूल पर कोई असर नहीं पड़ेगा। मामले में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

ADVERTISEMENT