आयकर विभाग की जांच के बीच बिगड़ी वाशु भगनानी की तबीयत, लंदन के अस्पताल में भर्ती
क्या है खबर?
मशहूर फिल्म निर्माता वाशु भगनानी अपने स्वास्थ्य को लेकर चर्चा में आ गए हैं। उन्हें कथित तौर पर लंदन के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह खबर ऐसे समय में आई है, जब आयकर विभाग फिल्म परियोजनाओं से जुड़े विदेशी लेन-देन में संदिग्ध वित्तीय अनियमितताओं को लेकर जांच कर रहा है। हाल ही में, अधिकारियों ने मुंबई में स्थित 12 जगहों पर छापेमारी की थी। इनमें वाशु, रकुल प्रीत सिंह की संपत्ति और पैनोरमा स्टूडियो भी शामिल थे।
स्वास्थ्य
तबीयत बिगड़ने के पीछे का कारण सामने नहीं आया
फिल्म फंडिंग में गड़बड़ी की जांच के बीच फिल्म निर्माता को लंदन के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, लेकिन उनकी तबीयत बिगड़ने के पीछे का कारण सामने नहीं आया है।
ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, जब उनकी सेहत के बारे में पूछा गया, तो भगनानी ने निजता की गुजारिश की और कहा कि वह अकेले" रहना चाहते हैं।
फिलहाल, उनकी सेहत से जुड़े अन्य अपडेट का इंतजार किया जा रहा है।
परिचय
जानिए कौन हैं वाशु और उनकी निर्मित फिल्में
वाशु भारतीय सिनेमा जगत के अनुभवी और लोकप्रिय फिल्म निर्माता हैं, जिन्होंने 1995 में अपने प्रोडक्शन हाउस 'पूजा एंटरटेनमेंट' की स्थापना की थी।
इस बैनर के जरिए उन्होंने अब तक 'कुली नंबर 1', 'हीरो नंबर 1', 'बीवी नंबर 1', 'प्यार किया तो डरना क्या', 'रहना है तेरे दिल में', 'सरबजीत' और 'बेल बॉटम' जैसी कई सुपरहिट फिल्मों का निर्माण किया है।
वह अपने बेटे और अभिनेता जैकी भगनानी के साथ मिलकर इस प्रोडक्शन हाउस को चलाते हैं।