जानें क्या है आलिया भट्ट की 'अल्फा' से उदय चोपड़ा का संबंध?
'अल्फा' का टीजर हाल ही में जारी हुआ है और आते ही इसने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। इसकी वजह सिर्फ यह नहीं है कि इसमें आलिया भट्ट एक जासूस की भूमिका में हैं और उनके साथ उनके बॉबी देओल भी दिखेंगे, बल्कि असली वजह यह भी है कि उदय चोपड़ा 16 साल बाद लेखक के तौर पर वापसी कर रहे हैं।
लेखक के तौर पर उनका आखिरी काम साल 2010 में आई फिल्म 'प्यार इम्पॉसिबल' था। इसलिए अब सब ये जानने को बेताब हैं कि यश राज फिल्म्स के इस नई फिल्म में उदय चोपड़ा क्या नया लेकर आए हैं।
कब रिलीज होगी 'अल्फा'?
शिव रावल के निर्देशन में बनी 'अल्फा' यश राज स्पाई यूनिवर्स की पहली ऐसी फिल्म है, जिसकी कहानी एक महिला के किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है।
इस तरह यह फिल्म एक नया इतिहास रचने को तैयार है। आपको बता दें कि इसी यूनिवर्स में 'वॉर' और 'पठान' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में आई थीं।
टीजर में दिखाया गया है कि बॉबी का किरदार अपनी बेटी को उसके 18वें जन्मदिन पर एक खास मिशन देता है।
फिल्म में शरवरी भी एक अहम किरदार में हैं, लेकिन टीजर में उनकी झलक अभी तक नहीं दिखाई गई है, जिससे फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्सुकता और बढ़ गई है। यह फिल्म 3 जुलाई, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।