'मैं वापस आऊंगा' की धमाकेदार वापसी, इम्तियाज अली की फिल्म ने 6 दिनों में कमाए इतने करोड़
इम्तियाज अली की नई फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' ने बॉक्स ऑफिस पर जोरदार शुरुआत की है। 12 जून को रिलीज हुई इस फिल्म ने 6 दिनों के अंदर दुनिया भर से 18.73 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं।
बंटवारे के दौर पर आधारित इस फिल्म में दिलजीत दोसांझ, शरवरी, वेदांग रैना और नसीरुद्दीन शाह जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आते हैं।
कंगना रनौत की फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' और मनोज बाजपेयी की 'गवर्नर: द साइलेंट सेवीयर' जैसी बड़ी फिल्मों के सामने होने के बावजूद 'मैं वापस आऊंगा' बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए है और लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है।
'मैं वापस आऊंगा' ने छठे दिन कमाए इतने करोड़
अकेले छठे दिन की बात करें तो, 'मैं वापस आऊंगा' की कमाई में 6.1 प्रतिशत की उछाल देखने को मिली।
फिल्म ने देशभर की 2,056 स्क्रीन्स से 1.75 करोड़ रुपये कमाए। इसके साथ ही भारत में फिल्म की कुल कमाई 11.98 करोड़ रुपये हुई।
विदेश में बैठे दर्शकों ने भी उसी दिन 0.5 करोड़ रुपये का योगदान दिया, जिससे फिल्म की दुनिया भर की कुल कमाई बढ़कर 18.73 करोड़ रुपये पर पहुंच गई है।
इतनी कड़ी टक्कर के बावजूद फिल्म का यह प्रदर्शन काबिले तारीफ है।