इमरान खान बाेले- जेब भर रहे सितारे, आमिर खान कभी नहीं बोलेंगे मुझे 60 करोड़ दो
क्या है खबर?
अभिनेता इमरान खान ने फिल्म इंडस्ट्री के मौजूदा आर्थिक संकट और बड़े सितारों की आसमान छूती फीस पर तीखा प्रहार किया है। लंबे समय बाद अपनी वापसी को लेकर चर्चा में आए इमरान ने उन सितारों को आईना दिखाया है, जो फिल्म के बजट की परवाह किए बिना भारी-भरकम फीस वसूलकर फिल्म को मुश्किल में डाल देते हैं। इस गंभीर मुद्दे पर बात करते हुए इमरान ने अपने मामा और अभिनेता आमिर खान की जमकर तारीफ की
निशाना
इमरान बोले- स्टार पावर का गलत इस्तेमाल हो रहा
इमरान ने स्वीकार किया कि फिल्म जगत में किसी अभिनेता की मार्केट में पकड़ के आधार पर उसे कास्ट करना पूरी तरह से समझ में आता है। हालांकि, इसी के साथ अभिनेता ने ये भी कहा कि वर्तमान में कुछ सितारे इस सिस्टम का गलत फायदा उठा रहे हैं। वो अपनी लोकप्रियता का इस्तेमाल फिल्म को बेहतर बनाने के बजाय केवल अपनी जेबें भरने के लिए कर रहे हैं, जो सीधेतौर पर फिल्म और उसके बजट का शोषण है।
दो टूक
सिस्टम का शोषण कर रहे सितारे- इमरान
ईटाइम्स से इमरान बोले, "मेरा मानना है कि हम तेजी से उस जगह पहुंच गए हैं, जहां सितारे सिस्टम का शोषण करते हैं। मुझे मेरे मामा आमिर और मुझसे पहले की कई पीढ़ियों ने जो सिखाया, वो ये था कि कलाकार खुद फिल्म में निवेश करते थे। मेरा मतलब ये नहीं है कि वे अपना बटुआ खोलकर फिल्म में पैसा डाल रहे हैं, बल्कि इसका मतलब एक कलाकार का फिल्म के प्रति व्यक्तिगत जिम्मेदारी और स्वामित्व की भावना रखना है।"
मांग
फीस ने बिगाड़ा फिल्मों का गणित
इमरान ने मोटी फीस लेने वाले सितारों की आलोचना करते हुए कहा, "अगर फिल्म बनाने की लागत 30 करोड़ है और मेरी फीस 40 करोड़, तो बजट 70 करोड़ हो गया। इसमें से सिर्फ 30 करोड़ फिल्म पर खर्च हुए हैं और 40 करोड़ मेरी जेब में गए हैं। ऐसे में फिल्म मुनाफा कैसे कमाएगी? क्या मुझे इसकी परवाह नहीं होनी चाहिए? सितारों को शुरू में कम पैसे लेकर फिल्म की सफलता पर दांव लगाना चाहिए।"
सराहना
इमरान ने दी आमिर की मिसाल
इमरान बोले, "आमिर ने कभी अपनी मार्केट वैल्यू के बराबर भी एडवांस फीस नहीं ली। वो फिल्म के बजट पर बोझ नहीं बनते, बल्कि हमेशा मुनाफे में हिस्सा लेते हैं। आमिर कभी नहीं कहेंगे कि मुझे 60 या 75 करोड़ रुपये फीस दो। ऐसा करना मूर्खता है। भारी फीस मांगकर आप अपनी ही फिल्म को पंगु बना देते हैं और अपनी फिल्म की कीमत पर खुद को अमीर बना रहे हैं यानी आपको अपनी ही फिल्म पर भरोसा नहीं है।"
आगामी फिल्म
इमरान की आने वाली फिल्म
इमरान अब जल्द ही भूमि पेडनेकर के साथ एक फिल्म में नजर आएंगे। इस फिल्म का नाम अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन इसका निर्देशन 'ब्रेक के बाद' से लोकप्रिय हुए निर्देशक दानिश असलम कर रहे हैं। दिलचस्प बात ये है कि इस फिल्म के सह-निर्माता खुद इमरान खान ही हैं। पिछली बार इमरान, वीर दास के निर्देशन में बनी फिल्म 'हैप्पी पटेल' में दिखे थे, जिसके निर्माता आमिर थे और उन्होंने इसमें कैमियो भी किया था।