'हनुमान अंश' की अपार सफलता के बावजूद बॉलीवुड में चुप्पी, अब निर्देशक ने दी प्रतिक्रिया
क्या है खबर?
विशाल चतुर्वेदी की फिल्म 'हनुमान अंश' इस साल की सबसे सफल फिल्म बनकर उभरी है। 2 करोड़ रुपये के बजट में बनकर तैयार हुई इस फिल्म ने दुनियाभर में 450 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की। 27 नवंबर से इसका प्रीमियर सोनी लिव पर होने जा रहा है, लेकिन उससे पहले निर्देशक ने फिल्म को लेकर बड़े प्रोडक्शन हाउस की चुप्पी पर बात की। उन्होंने यह भी बताया कि 'हनुमान अंश' के सीक्वल पर काम चल रहा है।
प्रतिक्रिया
'हनुमान अंश' ने कई धारणाओं को तोड़ा
स्क्रीन से बातचीत में विशाल ने बताया कि 'हनुमान अंश' की सफलता ने उन धारणाओं को तोड़ा है कि किसी फिल्म को अच्छा करने के लिए बड़े स्टार्स, बड़े बजट या बड़े स्टूडियो के समर्थन की जरूरत होती है।
उन्होंने कहा, "थिएटर एक इवेंट की जगह है। जब कोई इवेंट फिल्म आती है, तो वह चलती है। यह आम बात है जो मैं सुनता आ रहा हूं, कि सिर्फ इसी तरह की फिल्में चलेंगी और बाकी को स्ट्रगल करना पड़ेगा।"
फैसला
दर्शकों के हाथ में फिल्म की किस्मत
उन्होंने कहा, "यह गलतफहमी टूट गई है कि सिर्फ एक बड़ा स्टार, एक बड़ा बजट या एक बड़ा स्टूडियो ही किसी फिल्म को सफल बना सकता है। सिनेमा लोगों का मीडियम है। दर्शक देखते हैं और तय करते हैं कि यह एक अच्छी फिल्म है या नहीं, लेकिन पहले क्रिटिक्स और सोशल मीडिया ही लोगों को यह नतीजा देते थे।"
विशाल ने यह भी स्वीकारा कि 'हनुमान अंश' को लेकर उन्हें फिल्म जगत से कोई खास समर्थन नहीं मिला।
हैरानी
'हनुमान अंश' के लिए कोई बड़ा स्टूडियो नहीं बोला
निर्देशक ने किसी बड़े स्टूडियो की प्रतिक्रिया न मिलने से हैरानी जताई।
उन्होंने कहा, "मैंने बॉक्स ऑफिस पर किसी बड़ी फिल्म के चलने के बाद बहुत सारे आधिकारिक बयान देखे हैं, लेकिन क्योंकि हमारी फिल्म छोटी है, पहली बार निर्देशक बने हैं, इसलिए मैंने किसी बड़े प्रोडक्शन हाउस से कोई बयान नहीं देखा, एक भी नहीं। यह बहुत हैरानी की बात है।"
हालांकि, उन्होंने बताया कि वरुण धवन, वीरेंद्र सहवाग और कई अन्य सितारों ने फिल्म को सराहा है।