रणवीर सिंह की 'प्रलय' की शूटिंग पर विवाद, हंसल मेहता ने MCA के आरोपों को नकारा
क्या है खबर?
मुंबई के आजाद मैदान में रणवीर सिंह की आने वाली फिल्म 'प्रलय' की शूटिंग को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) ने फिल्म निर्माताओं पर शूटिंग का समय बढ़ाने के आरोप लगाए, जिसके चलते कथित तौर पर कई इंटर-स्कूल क्रिकेट मैच रद्द करने पड़े। अब फिल्म निर्माता हंसल मेहता ने इस पर चुप्पी तोड़ी है और इन दावों को नकारा है। उनके मुताबिक, उनकी टीम ने जरूरी अनुमति ले रखी थी।
हंसल
विवाद पर क्या बोले हंसल?
मुंबई मिरर से बात करते हुए हंसल ने कहा, "मैं इस बात पर जोर देना चाहूंगा कि नौकरशाही की बाधाओं के चलते मुंबई फिल्म शूटिंग के लिए दुर्गम क्षेत्र बन गया है। आप जैसे लोग इस आग में घी डाल रहे हैं।"
उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि आजाद मैदान में शूटिंग करने से पहले प्रोडक्शन टीम ने सभी जरूरी अनुमतियां ले ली थीं। उन्होंने मुंबई में शूटिंग के दौरान फिल्म निर्माताओं को आने वाली बाधाओं की भी आलोचना की।
विवाद
कैसे खड़ा हुआ विवाद?
MCA के मुताबिक, फिल्म निर्माताओं को 6 घंटे की शूटिंग की अनुमति मिली थी। समय बढ़ने की वजह से कथित तौर पर अंडर-14 और अंडर-16 के इंटर-स्कूल क्रिकेट मैच रद्द करने पड़े थे।
MCA ने खेल उप निदेशक को पत्र लिखकर इस पर अपनी नाराजगी जताई है।
MCA ने खेल विभाग की भी आलोचना की, क्योंकि विभाग ने खेलों को बढ़ावा देने के बजाय आजाद मैदान में कमर्शियल बुकिंग की अनुमति देकर खेल संस्कृति को प्रभावित किया।