'है जवानी तो इश्क होना है': वरुण धवन की फीस 30 करोड़, बाकियों को कितने मिले?
क्या है खबर?
निर्देशक डेविड धवन की रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' अपनी रिलीज से पहले ही जबरदस्त सुर्खियों में है। 5 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही इस फिल्म का कुल बजट लगभग 55 करोड़ रुपये है, वहीं बजट का आधे से ज्यादा हिस्सा अकेले लीड एक्टर वरुण धवन की जेब में गया है। वरुण ने इस फिल्म के लिए 30 करोड़ रुपये की भारी-भरकम फीस ली है। आइए फिल्म के सभी कलाकारों की फीस जानें।
#1
वरुण धवन
'है जवानी तो इश्क होना है' में वरुण धवन एक बार फिर अपने होम-प्रोडक्शन (पिता डेविड धवन के निर्देशन) में लौट रहे हैं। फिल्म में उनका किरदार एक चुलबुले प्रेमी का है, जो 90 के दशक के गोविंदा और सलमान खान की याद दिलाएगा। वरुण का किरदार एक ऐसे लड़के का है, जो 2 खूबसूरत लड़कियों के बीच प्यार के ताने-बाने में फंस जाता है। अपनी इस भूमिका के लिए उन्हें निर्माताओं ने 30 करोड़ रुपये का भुगतान किया है।
#2
पूजा हेगड़े
'है जवानी तो इश्क होना है' में पूजा हेगड़े फिल्म की मुख्य अभिनेत्रियों में से एक हैं। डेविड धवन की इस कॉमेडी फिल्म में पूजा का किरदार एक बेहद ग्लैमरस, आधुनिक और चुलबुली लड़की का है। बड़े पर्दे पर ये पहली बार होगा, जब दर्शकों को वरुण और पूजा हेगड़े की ताजा और जोरदार केमिस्ट्री देखने को मिलेगी, जिसे लेकर फैंस बेहद उत्साहित हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फिल्म के लिए पूजा की फीस 4 करोड़ रुपये है।
#3
मृणाल ठाकुर
'है जवानी तो इश्क होना है' में मृणाल ठाकुर दूसरी मुख्य अभिनेत्री के रूप में नजर आने वाली हैं। जहां पूजा का किरदार बेहद ग्लैमरस है, वहीं मृणाल का किरदार सादगी, गहराई और प्यारे जज्बातों से भरपूर होने वाला है। फिल्म में मृणाल और वरुण की जोड़ी भी पहली बार बड़े पर्दे पर नजर आएगी। ये जोड़ी इस रोमांटिक-कॉमेडी का सबसे बड़ा आकर्षण होने वाली है। फिल्म के लिए मृणाल को 5 करोड़ रुपये दिए गए हैं।
#4, #5 और #6
मौनी रॉय, चंकी पांडे और राकेश बेदी
फिल्म में एक ग्लैमरस कैमियो रोल कर रहीं मौनी रॉय को डेढ़ करोड़ रुपये की फीस मिली है, वहीं डेविड की फिल्मों के पसंदीदा और कॉमेडी के उस्ताद चंकी पांडे अपने सदाबहार मजाकिया अंदाज से दर्शकों को गुदगुदाते नजर आएंगे, जिसके लिए उन्हें 90 लाख रुपये का भुगतान किया गया है। उधर अनुभवी अभिनेता राकेश बेदी भी फिल्म में एक महत्वपूर्ण कॉमिक भूमिका में दिखेंगे, जिसके लिए उन्हें निर्माताओं की तरफ से 70 लाख रुपये दिए गए हैं।