AI से सिनेमा को खतरा, ऑस्कर विजेता गिलर्मो डेल टोरो ने इसे बताया 'स्वाभाविक मूर्खता'
ऑस्कर विजेता निर्देशक गिलर्मो डेल टोरो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से सिनेमा में आ रहे बदलावों को लेकर चिंतित हैं।
हॉलीवुड में BFI अमेरिका डिनर में उन्हें प्रतिष्ठित BFI फेलोशिप से नवाजा गया। हालांकि, उन्होंने इस मौके का इस्तेमाल यह कहने के लिए किया कि हम 'इमेज इलिटरेसी' और 'सिनेमा इलिटरेसी' की कगार पर खड़े हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि AI इंसानी रचनात्मकता और कला से हमारे गहरे जुड़ाव पर खतरा बन रहा है।
ऑस्कर विजेता निर्देशक गिलर्मो ने AI को 'स्वाभाविक मूर्खता' कहा
'पेंस लैबिरिंथ' और 'द शेप ऑफ वॉटर' जैसी मशहूर फिल्में बनाने वाले गिलर्मो ने कला की तुलना पुरानी गुफाओं की पेंटिंग्स से करते हुए कहा कि इसका असली मकसद लोगों को जोड़ना और उन्हें प्रेरित करना है।
उन्होंने AI को 'स्वाभाविक मूर्खता' करार दिया, उनका मानना है कि यह रचनात्मकता को बनावटी रूप दे देता है। गिलर्मो ने यह भी बताया कि राजनीतिक विभाजन के कारण कलाकारों के लिए अपनी रचनात्मक आजादी बनाए रखना और भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
उन्होंने साफ तौर पर कहा कि असली कलात्मक अभिव्यक्ति को टेक्नोलॉजी या व्यावसायिक हितों के हावी होने से बचाना होगा।