गोविंदा शादी की फर्जी खबरों से भड़के, 100 करोड़ के मानहानि केस की चेतावनी; नोटिस जारी
क्या है खबर?
गोविंदा ने अपने और अपने परिवार के खिलाफ लगातार फैलाई जा रही अपमानजनक अफवाहों पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने एक सार्वजनिक नोटिस जारी कर मीडिया, सोशल मीडिया यूजर्स और कंटेंट क्रिएटर्स को फर्जी खबरें व AI से तैयार भ्रामक कंटेंट शेयर न करने की सख्त चेतावनी दी है। गोविंदा ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसके तहत 100 करोड़ रुपये तक का मानहानि का दावा ठोका जा सकता है।
चेतावनी
AI और डीपफेक कंटेंट पर होगी सीधी कार्रवाई
इस नोटिस में खासतौर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से बनाई गई तस्वीरें, वीडियो, ऑडियो, आपत्तिजनक तस्वीरें और डीपफेक कंटेंट शामिल हैं।
गोविंदा ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने किसी को भी अपने नाम, आवाज या पारिवारिक जानकारी का गलत इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी है।
नोटिस के मुताबिक, ऐसा फर्जी या आपत्तिजनक कंटेंट छापने या साझा करने वालों के खिलाफ मानहानि, निजता के उल्लंघन और साइबर अपराध के तहत सिविल और आपराधिक कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई
100 करोड़ हर्जाना, जब्त होगी संपत्ति
नोटिस में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम, 2000 के प्रावधानों का हवाला दिया गया है।
अभिनेता ने ये चेतावनी भी दी है कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ वो 100 करोड़ रुपये तक के हर्जाने का दावा कर सकते हैं। कानूनी नोटिस में आगे कहा गया है कि वे आरोपियों के बैंक खातों, संपत्ति के लेनदेन, पासपोर्ट और अन्य संपत्तियों को जब्त या फ्रीज कराने के अदालती आदेश के लिए अपील कर सकते हैं।
विवाद
पत्नी सुनीता आहूजा की बयानबाजी से शुरू हुआ विवाद
गोविंदा का ये कानूनी कदम उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के साथ शादी को लेकर फिर से शुरू हुई चर्चाओं के बीच आया है।
ये ताजा विवाद सुनीता और राखी सावंत की बातचीत के बाद शुरू हुआ, जिसमें उन्होंने अपनी तलाक की याचिका वापस लेने की वजह बताई थी।
सुनीता ने दावा किया कि जब उन्हें पता चला कि गोविंदा अभिनेत्री कोमल रानी स्वर्णकार से शादी करने की योजना बना रहे हैं, तब उन्होंने यह केस वापस ले लिया था।
छवि
प्रतिष्ठा गिराने वाला कंटेंट फैलाया तो होगी कार्रवाई
सार्वजनिक नोटिस में खासतौर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल करके बनाई या एडिट की गई सामग्री पर ध्यान केंद्रित किया गया है।
गोविंदा ने यूट्यूब चैनलों, सोशल मीडिया अकाउंट्स और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को ऐसी सामग्री फैलाने के खिलाफ कड़ी चेतावनी दी है, जिसके बारे में उनका मानना है कि इसका मकसद उनकी छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना है।
अभी इस नोटिस पर उनकी पत्नी सुनीता की प्रतिक्रिया नहीं आई है।
अफवाहें
गोविंदा के मैनेजर ने अफवाहों को नकारा
उधर गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि दूसरी शादी का कोई सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने ये भी साफ किया कि सुनीता ही गोविंदा की पत्नी हैं। उन्होंने इन अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है कि वो दूसरी शादी की तैयारी कर रहे हैं। अभिनेता ने खुद भी सार्वजनिक रूप से ऐसे किसी बयान या योजना की पुष्टि नहीं की है।