कोमल रानी संग अफेयर के दावों से गुस्साए गोविंदा बोले- परिवार से दूर करने की साजिश
क्या है खबर?
लालबागचा राजा के दर्शन के दौरान रूपा की सह-कलाकार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ देखे जाने के बाद गोविंदा ने अपनी निजी जिंदगी पर चल रही अफवाहों पर चुप्पी तोड़ी है। पत्नी सुनीता आहूजा के अकेले दर्शन करने के कुछ ही घंटे बाद कोमल के साथ दिखे गोविंदा ने डेटिंग के दावों को खारिज कर दिया है। अभिनेता ने इसे अपनी छवि खराब करने और परिवार से दूर करने के लिए रचा गया 'सोचा-समझा षड्यंत्र' बताया है।
बयान
"ये बड़ी सोच-समझकर बनाई गई योजना है"
लालबागचा राजा के दर्शन के दौरान कोमल के साथ दिखने पर गोविंदा ANI से बोले, "इसमें किसी की गलती नहीं है। ये बड़ी सोच-समझकर बनाई गई योजना है। ऐसी चीजें और भी होने वाली हैं। मुझे मेरे परिवार से दूर करने और फिर समाज में मेरी छवि खराब करने की योजना का एक हिस्सा था। मैंने कभी अपने काम के अलावा किसी और चीज पर ध्यान नहीं दिया। मैं बस काम करता रहा और कई लोग मेरी तारीफ करते थे।"
कारण
कोमल संग लालबागचा राजा क्यों पहुंचे?
गोविंदा ने कोमल संग अपने अफेयर की खबरों और उनके साथ लालबागचा राजा के दर्शन करने की वजह बताई।
उन्होंने कहा, "ये किसी के लिए कोई मुद्दा नहीं। भले ही कोई अफेयर ही क्यों न हो। मैं काम कर रहा हूं और एक पेशेवर रिश्ता बनाए हुए हूं। मैं अपनी फिल्म 'रूपा' के लिए प्रार्थना करने लालबागचा गया था। इससे पहले भी मैं करिश्मा कपूर के साथ मंदिरों में गया था, और वह मेरे लिए बड़ी शुभ साबित हुई थी।"
तंज
सुनीता ने यूं कसा था गोविंदा पर तंज
गाेविंदा बोले "मेरी वो फिल्में बहुत बड़ी हिट रहीं। मैं रवीना टंडन के साथ भी गया था और अब कोमल रानी स्वर्णकार के साथ गया हूं। मैंने प्रार्थना की क्योंकि मैं लंबे समय के बाद इसे फिर से शुरू कर रहा हूं।"
गोविंदा और कोमल रानी के लालबागचा राजा दर्शन के बाद, सुनीता को एयरपोर्ट पर देखा गया, जहां उन्होंने पैपराजी से बातचीत की। उन्होंने कहा, "जानवरों से प्यार करो, इंसानों से नहीं। इंसान धोखेबाज होते हैं।"
अफेयर की चर्चा
गोविंदा और कोमल के अफेयर पर विवाद
गोविंदा-कोमल के साथ दिखने पर अफेयर की चर्चा गर्म है। पत्नी सुनीता आहूजा उन पर निशाना साधते हुए कह चुकी हैं कि वो बेटी की उम्र की लड़की के साथ घूम रहे हैं।
पलटवार में गोविंदा का कहना है कि बॉलीवुड का एक गिरोह सुनीता को भड़काकर उनकी छवि खराब कर रहा है। उनके मुताबिक, कम उम्र की अभिनेत्रियों के साथ काम करना आम बात है। वो सुनीता को खुद को बदनाम न करने की सख्त चेतावनी दे चुके हैं।