पाकिस्तान की पहली नेटफ्लिक्स ओरिजिनल सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' 4 दिसंबर को स्ट्रीम होने वाली है, लेकिन इसकी रिलीज से पहले ही भारत में इसे प्रतिबंधित करने की मांग उठने लगी है।
इस मामले पर पाकिस्तान के योजना मंत्री अहसान इकबाल ने एक्स पर अपनी राय रखी।
उन्होंने कहा कि कला को राजनीति में नहीं घसीटना चाहिए और इस सीरीज को पाकिस्तानी संस्कृति के लिए एक बड़ी जीत बताया।
पाकिस्तानी सीरीज भर सकती है सांस्कृतिक दूरी
यह सीरीज फरहत इश्तियाक के मशहूर उपन्यास पर आधारित है और इसमें फवाद खान तथा माहिरा खान जैसे जाने-माने कलाकार हैं।
भारत में इसकी रिलीज को लेकर कुछ भारतीय सिने एसोसिएशन विरोध कर रहे हैं। हालांकि, पहले भी कुछ पाकिस्तानी शोज पर बैन लगाए गए हैं, लेकिन हाल के दिनों में भारतीय दर्शक पाकिस्तानी ड्रामा को काफी पसंद कर रहे हैं।
ऐसे में यह सीरीज दोनों देशों के बीच की सांस्कृतिक दूरियों को पाटने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम हो सकती है।