Loading...
शरद कपूर 2 साल से नहाए नहीं थे, दोस्त बोलीं- लगभग खत्म हो चुके थे अभिनेता
शरद कपूर की बदहाली पर दोस्त का बड़ा खुलासा

शरद कपूर 2 साल से नहाए नहीं थे, दोस्त बोलीं- लगभग खत्म हो चुके थे अभिनेता

Nov 18, 2026
06:05 pm

क्या है खबर?

अभिनेता शरद कपूर की खराब सेहत और आर्थिक तंगी को एक वायरल वीडियो के जरिए दुनिया के सामने लाने वाली उनकी दोस्त हेमा चौधरी ने अब एक बड़ा खुलासा किया है। हेमा ने बताया कि इस महीने की शुरुआत में जब वो पहली बार शरद से मिली थीं तो अभिनेता बेहद दर्दनाक और चिंताजनक हालात में थे। एक पॉडकास्ट में उन्होंने याद किया कि शरद के मोहल्ले में कुछ आवारा कुत्तों को बचाते समय उनकी मुलाकात अभिनेता से हुई थी।

स्थिति

शरद के कमरे के हालात देख सन्न रह गईं दोस्त

बेसहारा कुत्तों के लिए 'बेजुबान ट्रस्ट' चलाने वाली हेमा चौधरी जब शरद के कमरे में गईं तो वहां के हालात देखकर सन्न रह गईं।

उनकी बिगड़ती सेहत और बदहाल परिस्थितियों से चिंतित होकर हेमा ने ये मामला फिल्म इंडस्ट्री के सामने लाने का फैसला किया और लोगों से मदद की अपील की।

हेमा ने ये भी बताया कि उन्होंने शरद के परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश की थी, लेकिन परिवार की ओर से कोई जवाब नहीं मिला।

खुलासा

बुरे वक्त में अपनों ने भी फेरा मुंह

हेमा बोलीं, "शायद तब तक शरद को काम मिलना बंद हो गया था। जब मैंने उनके भाई से बात की तो उन्होंने बताया कि शरद अपने सबसे छोटे भाई को साथ ले जाने के लिए उनके पास आए थे। फोन करने पर उन्होंने मेरी बात अनसुनी कर दी। मैंने उनसे कहा भी कि 'उन्हें आपकी जरूरत है', लेकिन उन्होंने पलटकर कॉल नहीं किया। शायद उन्हें कोई दिलचस्पी नहीं। हो सकता है इसके पीछे कोई प्रॉपर्टी विवाद या कुछ और हो।"

ADVERTISEMENT

दावा

"2 साल से बिस्तर पर ही पड़े थे शरद कपूर, नहाने तक की सुध नहीं"

हेमा को सबसे ज्यादा हैरानी इस बात से हुई कि शरद ने अपनी बुनियादी जरूरतों को भी पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया था।

उन्होंने दावा किया कि अभिनेता करीब 2 साल से नहाए नहीं थे और ना ही बिस्तर से बाहर कदम रखा था। उस दर्दनाक मंजर को याद करते हुए हेमा ने बताया कि जिन कुत्तों को बचाने वो गई थीं, उन्हीं की वजह से वह खामोशी से इस भयावह स्थिति से जूझ रहे शरद तक पहुंच पाईं।

ADVERTISEMENT

दुखद

3-4 लोग उनके मरने का इंतजार कर रहे थे- हेमा

हेमा बोलीं, "तीन-चार लोग शरद के मरने का इंतजार कर रहे थे। वाे 99 प्रतिशत खत्म हो चुके थे। किसी ने खाने तक को नहीं पूछा, बिना मदद वहां बचना मुश्किल था।"

हेमा ने बताया कि शरद की सगाई पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु की बेटी कोयल बसु से हुई थी, लेकिन दोनों की शादी नहीं हो सकी।

उन्होंने कहा कि शरद फिलहाल एक रिलेशनशिप में हैं, लेकिन उनकी पार्टनर उनकी देखभाल करने की स्थिति में नहीं हैं।

चिंता

मानसिक स्थिति पर दोस्त हेमा ने जताई चिंता

हेमा ने शरद की मौजूदा मानसिक स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि वाे फिलहाल अपने करियर से जुड़े फैसले लेने की हालत में बिल्कुल नहीं हैं।

बता दें कि शरद की मदद के लिए अमिताभ बच्चन, सलमान खान और सोनू सूद समेत कई सितारे आगे आए हैं।

शरद ने 'स्वाभिमान' (1995) से लेकर 'दस्तक', शाहरुख खान की 'जोश', 'लक्ष्य', 'वांटेड' और 'जय हो' जैसी फिल्मों में काम किया है। वो आखिरी बार 2019 की फिल्म 'कैबरे' में दिखे थे।

ADVERTISEMENT