LOADING...
गानों में फायरिंग से लेकर खालिस्तान के समर्थन तक, इन विवादों में रहे सिद्धू मूसेवाला
इन विवादों में रहे सिद्धू मूसेवाला (तस्वीर- insta/@sidhu_moosewala)

गानों में फायरिंग से लेकर खालिस्तान के समर्थन तक, इन विवादों में रहे सिद्धू मूसेवाला

May 30, 2022
08:40 am

क्या है खबर?

पंजाबी संगीत इंडस्ट्री में गायक और रैपर सिद्धू मूसेवाला की तूती बोलती थी। दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से 29 मई को उनकी गोली मार कर हत्या कर दी गई। पंजाब सरकार ने शनिवार को ही उनकी सुरक्षा कम की थी। कनाडा के रहने वाले गैंगस्टर गोल्डी ब्रार ने उनकी हत्या की जिम्मेदारी ली है। दरअसल, गायक सिद्धू पंजाब में जितने लोकप्रिय थे, विवादों से भी उनका उतना ही नाता रहा है। आइए उनके कुछ चर्चित विवादों पर नजर डालते हैं।

#1

ड्रग्स और हिंसा को बढ़ावा देने का आरोप

आपको जानकर हैरानी होगी कि सिद्धू पर ड्रग्स और हिंसा को बढ़ावा देने का आरोप लगता रहा है। लोगों ने उनपर आरोप लगाया था कि वह अपने गानों में ड्रग्स और हिंसा को बढ़ावा देते हैं। कई लोगों का मानना है कि उनके गाने युवाओं को गलत दिशा की ओर जाने के लिए प्रेरित करते हैं। सिद्धू के इंस्टाग्राम हैंडल पर करीब 70 लाख फॉलोअर्स हैं और यूट्यूब पर उनके साथ करीब एक करोड़ लोग जुड़े हुए हैं।

#2

फायरिंग की वजह से मुश्किलों में आए थे सिद्धू

सिद्धू के खिलाफ पंजाब पुलिस ने 2020 में उनके गाने 'पंज गोलियां' में हिंसा और बंदूक संस्कृति को बढ़ावा देने के आरोप में मामला दर्ज किया था। 'पंज गोलियां' का हिंदी में अर्थ होता है पांच गोलियां। इस गाने की वजह से उनकी मुश्किलें काफी बढ़ गई थीं। इससे पहले कोरोना महामारी के दौरान AK-47 राइफल से फायरिंग करते हुए उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। इस मामले में भी उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई थी।

Advertisement

#3

सिख भावनाओं को ठेस पहुंचाने का मामला

सिद्धू पर सिख भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगा था। सिख भावनाओं को आहत करने के आरोप में लोगों का गुस्सा इस कदर फूटा था कि उनकी गिरफ्तारी की मांग की गई थी। कथित तौर पर उन्होंने अपने एक गाने में 18वीं सदी के सिख योद्धा माई भागो के नाम का दुरुपयोग किया था। हालांकि, इल्जाम लगने पर सिद्धू ने लोगों से माफी भी मांग ली थी। इसके बावजूद मामला काफी गरमा गया था।

Advertisement

#4

खालिस्तान का समर्थन

सिद्धू पर खालिस्तान के समर्थन का आरोप भी लगता रहा। दिसंबर, 2020 में कथित तौर पर उन्होंने अपने गाने 'पंजाब- माय मदरलैंड' में खालिस्तानी अलगाववादी जरनैल सिंह भिंडरावाले का समर्थन किया था। इस गाने में एक और खालिस्तानी समर्थक भरपूर सिंह बलबीर के 1980 में दिए गए भाषण के कुछ क्लिप्स शामिल थे। मामले में विवाद काफी बढ़ गया था और देशभर में उनके खिलाफ आवाज बुलंद की गई थी।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

7 जून, 1993 को जन्मे शुभदीप सिंह सिद्धू उर्फ ​​सिद्धू मनसा जिले के मूसे वाला गांव के रहने वाले थे। उनकी मां गांव की सरपंच रही हैं और पिता भूतपूर्व सैनिक। उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की थी।

Advertisement