Page Loader
कोरोना नियमों की अनदेखी करने पर अभिनेत्री गौहर खान के खिलाफ FIR दर्ज

कोरोना नियमों की अनदेखी करने पर अभिनेत्री गौहर खान के खिलाफ FIR दर्ज

Mar 15, 2021
04:56 pm

क्या है खबर?

मुंबई सहित पूरे देश में कोरोना वायरस के मामलों में वृद्धि देखने को मिली है। विभिन्न राज्यों की सरकारों ने कोरोना वायरस के दिशानिर्देशों के पालन के लिए सख्ती दिखाई है। हाल के दिनों में कई बॉलीवुड के कलाकार कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। अब खबरों की मानें तो अभिनेत्री गौहर खान के खिलाफ कोरोना के दिशानिर्देशों की अनदेखी करने पर FIR दर्ज की गई है। गौहर पर कोरोना पॉजिटिव होने के दौरान बाहर घूमने का आरोप लगा है।

जानकारी

BMC ने गौहर के खिलाफ दर्ज करवायी FIR

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने आज गौहर के खिलाफ कोरोना नियमों के उल्लंघन करने के आरोप में एक FIR दर्ज करवायी है। BMC के मुताबिक, अभिनेत्री गौहर को कोरोना पॉजिटिव पाया गया था और इस दौरान उन्होंने लापरवाही बरती थी। BMC के ट्विटर हैंडल पर इस संबंध में जानकारी दी गई है। हालांकि, BMC के ट्विटर पोस्ट में अभिनेत्री के नाम का खुलासा नहीं किया गया है।

रिपोर्ट

कोरोना संक्रमित होने के बावजूद गौहर पर फिल्म की शूटिंग का लगा आरोप

ABP न्यूज की रिपोर्ट की मानें तो यह मामला गौहर पर दर्ज हुआ है। गौहर पर आरोप है कि वह कोरोना संक्रमित होने के बावजूद फिल्म की शूटिंग कर रही थीं। जानकारी सामने आ रही है कि जब BMC के एक अधिकारी गौहर के घर पहुंचे, तो वह घर में नहीं थीं। BMC के एक अधिकारी ने कहा कि उन्हें किसी व्यक्ति ने शिकायत की थी कि अभिनेत्री गौहर कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बावजूद घर पर नहीं हैं।

जानकारी

इन धाराओं में दर्ज किया गया मामला

BMC ने अपने ट्वीट में लिखा, 'शहर की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। BMC ने एक बॉलीवुड कलाकार के खिलाफ FIR दर्ज करवायी है। यह शिकायत कोरोना संक्रमित के होने बाद गाइडलाइन के उल्लंघन के लिए की गई है।' मुंबई पुलिस के प्रवक्ता एस चैतन्य ने ABP न्यूज को बताया कि गौहर के खिलाफ ओशिवार पुलिस स्टेशन में IPC की धारा 188, 269, 270, 51 B के तहत मामला दर्ज किया गया है।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए BMC का ट्विटर पोस्ट

जानकारी

हाल में हुआ था गौहर के पिता का निधन

गौहर के पिता जफर अहमद बीते 5 मार्च को दिवंगत हो गए थे। वह उम्र संबंधी समस्याओं के कारण लंबे समय से बीमार चल रहे थे। अस्पताल मे इलाज के दौरान गौहर के पिता का निधन हुआ था। गौहर अपने पिता के निधन पर काफी भावुक हो गई थीं। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा था, 'मेरे हीरो। आपकी तरह कोई कभी नहीं हो सकता। मेरे पिता अब नहीं रहे, वह फरिश्ता हो गए हैं। अल्हमदोलिल्लाह।'

कार्रवाई

कई हस्तियों के खिलाफ हाल मे कोरोना नियमों के उल्लंघन पर की गई कार्रवाई

UAE से लौटने के बाद क्वारंटीन के नियमों के उल्लंघन के मामले में BMC ने सलमान खान के भाई अरबाज खान, सोहेल खान और सोहेल के बेटे आर्यन के खिलाफ कार्रवाई की थी। सभी को मुंबई के बांद्रा स्थित 'ताज लैंड्स एंड होटल' में क्वारंटीन किया गया था। 14 फरवरी को विवेक ओबेरॉय पत्नी प्रियंका अल्वा के साथ बिना हेलमेट और मास्क के बाइक चलाते हुए दिखे थे। इस मामले में मुंबई पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया था।

कोरोना वायरस

देश में बढ़ रहे हैं कोरोना वायरस के मामले

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 26,294 नए मामले सामने आए और 118 मरीजों की मौत हुई है। ये इस साल एक दिन में आए सबसे अधिक नए मामले हैं। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 2,19,262 हो गई है। बीते दिन इनमें 8,718 मामलों की वृद्धि आई। महाराष्ट्र में बीते दिन 16,620 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 50 मरीजों की मौत हुई। राज्य में संक्रमण की तेज रफ्तार के कारण हालात बिगड़ रहे हैं।