फिल्मफेयर OTT अवॉर्ड्स 2025: 'ब्लैक वारंट' बनी सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज, अनन्या पांडे ने भी मारी बाजी
क्या है खबर?
फिल्मफेयर OTT अवॉर्ड्स 2025 के विजेताओं का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार था। मुंबई में फिल्मफेयर OTT अवॉर्ड्स के छठे संस्करण का भव्य आयोजन किया गया। इस साल जहां वेब सीरीज 'ब्लैक वारंट' को सर्वश्रेष्ठ सीरीज का खिताब दिया गया, वहीं रजत कपूर की वेब सीरीज 'खौफ' ने भी कई पुरस्कार जीतकर सबका ध्यान खींचा। सर्वश्रेष्ठ संपादन से लेकर सर्वश्रेष्ठ निर्देशन और कलाकारों तक कई श्रेणियों में विजेताओं के नाम की घोषणा हुई। आइए जानें किसने, कौन-सा पुरस्कार जीता।
खाैफ
'खौफ' काे इन श्रेणियों में मिला अवॉर्ड
बेस्ट कॉमेडी सीरीज का पुरस्कार 'रात जवान है' तो बेस्ट स्टोरी, सीरीज का खिताब 'पाताल लोक सीजन 2' और 'खौफ' को मिला। बेस्ट सिनेमैटोग्राफी, बेस्ट साउंड डिजाइन और बेस्ट VFX का पुरस्कार भी 'खौफ' की झोली में गया। बेस्ट बैकग्राउंड म्यूजिक की श्रेणी में भी 'खौफ' ने अपनी जीत दर्ज की। बेस्ट शॉर्ट फिल्म (नॉन-फिक्शन/डॉक्यूमेंट्री) का अवॉर्ड 'लंगूर' को मिला, वहीं पीपल्स चॉइस की श्रेणी में में सर्वश्रेष्ठ शॉर्ट फिल्म का खिताब 'डिवोर्स' ने अपने नाम किया।
CTRL
'CTRL' ने जीते 3 पुरस्कार
अनन्या पांडे की फिल्म 'CTRL' ने 3 पुरस्कार अपने नाम किए। इसके लिए जहां बेस्ट ओरिजिनल स्क्रीनप्ले, वेब ओरिजनल फिल्म का पुरस्कार अविनाश संपत को मिला, वहीं बेस्ट एडिटिंग ओरिजनल फिल्म का पुरस्कार जहान नोबल ने जीता। उधर बेस्ट बैकग्राउंड म्यूजिक, वेब ओरिजिनल फिल्म की श्रेणी में भी 'CTRL' बाजी मार गई। सोशल मीडिया किस तरह लोगों का निजी डेटा इकट्ठा कर उसका गलत इस्तेमाल करता है, 'CTRL' हमें यही बात याद दिलाती है और उसके प्रति सचेत करती है।
बेस्ट एक्ट्रेस और एक्टर
सान्या मल्होत्रा और अभिषेक बनर्जी को भी मिला सम्मान
विक्रमादित्य मोटवाने ने अपनी सीरीज 'ब्लैक वॉरंट' के लिए बेस्ट डायरेक्टर (सीरीज) का अवॉर्ड अपने नाम किया, वहीं इसे सर्वश्रेष्ठ सीरीज का खिताब भी मिला। वेब ओरिजिनल फिल्मों की बात करें तो शुचि तलाटी ने अपनी फिल्म 'गर्ल्स विल बी गर्ल्स' के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक (वेब ओरिजिनल फिल्म) का खिताब जीता। इसी को बेस्ट फिल्म का पुरस्कार भी मिला। सान्या मल्होत्रा ने फिल्म 'मिसेज' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री तो अभिषेक बनर्जी ने 'स्टोलन' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार जीता।
पुरस्कार
अनन्या पांडे और जयदीप अहलावत ने भी मारी बाजी
'खौफ' के लिए मोनिका पंवार को बेस्ट एक्ट्रेस (सीरीज-ड्रामा) चुना गया, वहीं बेस्ट एक्टर, सीरीज (फीमेल) कॉमेडी का खिताब 'कॉल मी बे' के लिए अनन्या पांडे को मिला। ड्रामा सीरीज में 'पाताल लोक सीजन 2' के लिए जयदीप अहलावत ने बेस्ट एक्टर (सीरीज-ड्रामा) का खिताब अपने नाम किया। कॉमेडी सीरीज की बात करें तो 'रात जवान है' के लिए बरुण सोबती और 'दुपहिया' के लिए स्पर्श श्रीवास्तव को इस श्रेणी में विजेता घोषित किया गया।
जीत
रेणुका शहाणे को मिले ये 2 पुरस्कार
वेब ओरिजिनल फिल्म की श्रेणी में 'स्टोलन' के लिए करण तेजपाल, गौरव ढींगरा और स्वप्निल सालकर को विजेता घोषित किया गया, वहीं रेणुका शहाणे ने अपनी फिल्म 'धावपट्टी' के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक (शॉर्ट फिल्म) का पुरस्कार अपने नाम किया। फिल्मफेयर OTT अवॉर्ड्स 2025 में कॉमेडी सीरीज (फीमेल) की श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार भी 'दुपहिया' के लिए रेणुका शहाणे को दिया गया। उधर 'आयशा' को बेस्ट शॉर्ट फिल्म (फिक्शन) का सम्मान मिला।
अन्य श्रेणियां
अन्य श्रेणियों में मिले पुरस्कार
बेस्ट डायलॉग (सीरीज) का अवॉर्ड 'IC 814: द कंधार हाइजैक' के लिए अनुभव सिन्हा और त्रिशांत श्रीवास्तव को संयुक्त रूप से दिया गया, वहीं 'पाताल लोक 2' के लिए सुदीप शर्मा, अभिषेक बनर्जी और राहुल कनोजिया ने बेस्ट ओरिजिनल स्क्रीनप्ले (सीरीज) का पुरस्कार जीता। वेब ओरिजिनल फिल्म की श्रेणी में 'अग्नि' को बेस्ट डायलॉग, सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता (मेल) की श्रेणी मे विनय पाठक को 'ग्राम चिकित्सालय' तो सर्वश्रेष्ठ म्यूजिक एल्बम, सीरीज का खिताब, 'बंदिश बैंडिट्स सीजन 2' को मिला।