LOADING...
'डॉन 3': रणवीर सिंह के पक्ष में आए निर्माता टीपी अग्रवाल, FWICE को दी कानूनी चुनौती
'डॉन 3' फिल्म विवाद में आया नया मोड़

'डॉन 3': रणवीर सिंह के पक्ष में आए निर्माता टीपी अग्रवाल, FWICE को दी कानूनी चुनौती

Jun 02, 2026
10:36 am

क्या है खबर?

फरहान अख्तर की फिल्म 'डॉन 3' से जुड़ा विवाद अब कानूनी मोड़ ले चुका है। पिछले दिनों फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने रणवीर सिंह के खिलाफ असहयोग का आदेश जारी किया था। अब दिग्गज फिल्म निर्माता टीपी अग्रवाल ने फिल्म एसोसिएशन की तरफ से कलाकारों पर लगाए जाने वाले प्रतिबंध के खिलाफ कोर्ट का रुख किया है। उन्होंने मुंबई की दिंडोशी सिविल कोर्ट में FWICE और इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (IMPPA) के खिलाफ याचिका दी है।

कार्यवाही

कोर्ट ने दोनों संगठनों को नोटिस जारी किया

TOI के मुताबिक, अग्रवाल ने कथित तौर पर तर्क दिया कि किसी भी व्यक्ति, संगठन या व्यापारिक संस्था को किसी व्यक्ति पर प्रतिबंध लगाने या दूसरों को उसके साथ काम न करने का निर्देश देने का कानूनी अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाई करने से व्यक्ति के काम और रचनात्मक अधिकारों के लिए गंभीर नतीजे हो सकते हैं। ऐसे मामलों को कानूनी रूप से निपटाना चाहिए। कोर्ट ने दोनों संगठनों FWICE और IMPPA को नोटिस जारी किया है।

विवाद

रणवीर सिंह और 'डॉन 3' से जुड़ा विवाद

रणवीर और 'डॉन 3' पर विवाद तब शुरू हुआ, जब अभिनेता अचानक फिल्म से बाहर हो गए। फरहान की कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट ने अभिनेता से कथित 45 करोड़ रुपये का मुआवजा मांगा, जिसे देने से रणवीर ने इनकार कर दिया। नतीजन, फरहान ने FWICE से शिकायत की और परिणामस्वरूप रणवीर पर प्रतिबंध लगाते हुए उनके खिलाफ असहयोग का निर्देश जारी हुआ। इसी मामले में इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष और निर्माता अग्रवाल ने कानूनी कदम उठाया है।

Advertisement