'डॉन 3' को लेकर फरहान अख्तर और रणवीर सिंह में ठनी, मामला पहुंचा फिल्म एसोसिएशन
क्या है खबर?
बॉलीवुड की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक 'डॉन 3' को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। फिल्म के निर्देशक फरहान अख्तर और मुख्य अभिनेता रणवीर सिंह के बीच किसी बात को लेकर आपसी विवाद खड़ा हो गया है। ये अनबन अब इतनी ज्यादा बढ़ चुकी है कि फरहान को इस मामले को सुलझाने के लिए फिल्म एसोसिएशन का दरवाजा खटखटाना पड़ा है। अब जल्द ही इस मामले में बड़ा फैसला आ सकता है।
नाराजगी
फरहान ने IFTDA के जरिए FWICE में की शिकायत
खबर है कि फरहान ने रणवीर के खिलाफ फिल्म एसोसिएशन यानी फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) में एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, FWICE ने अपने आधिकारिक बयान में बताया है कि ये शिकायत 'इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन' (IFTDA) के जरिए दर्ज कराई गई है। फरहान इसी संस्था के सदस्य हैं। सोमवार, 25 मई को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसोसिएशन इस विवाद पर अपना आखिरी और बड़ा फैसला सुनाएगा।
नाराजगी
रणवीर के अचानक फिल्म छोड़ने से नाराज फरहान
विवाद तब शुरू हुआ, जब खबर आई कि रणवीर ने बड़ी फ्रेंचाइजी फिल्म बीच में छोड़ दी। उनके अचानक अलग होने से फरहान नाराज बताए जा रहे हैं और इसी वजह से मामला फिल्म बॉडी तक पहुंचा। रणवीर को आधिकारिक तौर पर 'डॉन' फ्रेंचाइजी का नया चेहरा घोषित किया गया था, लेकिन महीनों तक चले फिल्म की तैयारियों और काम के बाद रणवीर अचानक इस प्रोजेक्ट से अलग हो गए, जिसके कारण फरहान और उनके बीच ये विवाद खड़ा हुआ।
कारण
रणवीर ने क्यों छोड़ी फिल्म?
हालांकि, इस पूरे मामले पर न तो रणवीर और ना ही फरहान की प्रोडक्शन कंपनी 'एक्सेल एंटरटेनमेंट' की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है, लेकिन फिल्म इंडस्ट्री से आ रही खबरों में बार-बार ये दावा किया जा रहा है कि फिल्म की स्क्रिप्ट (कहानी) और निर्देशन को लेकर दोनों के बीच कुछ आपसी मतभेद थे। माना जा रहा है कि इसी रचनात्मक असहमति के कारण ही रणवीर ने इस फिल्म से पीछे हटने का फैसला किया था।
कानूनी कार्रवाई
रणवीर से 40 करोड़ के मुआवजे की मांग
मामला तब बढ़ा, जब खबर आई कि फरहान और उनकी कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट कानूनी कार्रवाई पर विचार कर रहे हैं। रणवीर के फिल्म छोड़ने से प्रोजेक्ट में देरी हुई और निर्माताओं को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। खबरों के मुताबिक, एक्सेल एंटरटेनमेंट ने 'डॉन 3' की तैयारियों पर बड़ा खर्च किया था। अब रणवीर के अलग होने के बाद प्रोडक्शन हाउस उनसे करीब 40 करोड़ रुपये मुआवजा मांगने की तैयारी में है।