'डॉन 3' विवाद: FWICE ने रणवीर सिंह पर क्यों लगाया प्रतिबंध? अशोक पंडित ने बताई वजह
क्या है खबर?
फरहान अख्तर की फिल्म 'डॉन 3' को छोड़ने के बाद रणवीर सिंह मुश्किल में पड़ गए हैं। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने सख्त रवैया अपनाते हुए उनके खिलाफ असहयोग का आदेश जारी किया और सदस्यों से रणवीर की परियोजना में शामिल न होने का निर्देश दिया है। बढ़ते विवाद के बीच, FWICE के अध्यक्ष अशोक पंडित ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की और बताया कि आखिर रणवीर के खिलाफ यह सख्त कदम क्यों उठाना पड़ा।
आरोप
फरहान ने रणवीर पर आरोप लगाने के बाद दर्ज कराई थी शिकायत
FWICE अध्यक्ष ने बताया कि 'डॉन 3' विवाद में फरहान ने रणवीर पर शूटिंग शुरू होने से कुछ दिन पहले परियोजना छोड़ने का आरोप लगाया था। आरोप था कि उनके पीछे हटने से निर्माताओं को करीब 45 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। उन्होंने कहा, "शिकायत मिलने के बाद हमने इसे औपचारिक रूप से दर्ज कर लिया। हमने रणवीर को 3 नोटिस जारी किए, हर 10 दिन में एक नोटिस। उन्हें 3 रिमाइंडर भेजे गए, लेकिन हमें कोई जवाब नहीं मिला।"
ईमेल
रणवीर की ओर से मिला था ईमेल
उन्होंने कहा, "अभिनेता की ओर से कोई जवाब न मिलने पर हमने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने का फैसला किया, जिससे सिनेमा को फेडरेशन के फैसले से अवगत कराया जा सके।" उन्होंने आगे कहा, "प्रेस कॉन्फ्रेंस की घोषणा करते ही हमें रणवीर की ओर से ईमेल मिला जिसमें उन्होंने कहा कि यह मामला हमारे अधिकार क्षेत्र में नहीं आता और हमें इसमें हस्तक्षेप करने का कोई अधिकार नहीं है। हमने उनके रुख को ध्यान में रखकर कार्रवाई करने का फैसला लिया।"
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए प्रेस कॉन्फ्रेंस का वीडियो
Bollywood Hero #RanveerSingh banned from bollywood for 3 years
— Milagro Movies (@MilagroMovies) May 26, 2026
Ashoke Pandit explains how Ranveer Singh exited Don 3 just 3 weeks before the shoot, causing massive losses to the makers.
According to him, Farhan Akhtar suffered a loss of around ₹45 crore, while technicians,… pic.twitter.com/ndgFK2sTdW
अनुरोध
फिल्म निर्माताओं से अपना रुख स्पष्ट करने का अनुरोध
उन्होंने कहा, "हमने सभी निर्माताओं से अनुरोध किया है कि वह इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करें, हमारे साथ एकजुटता दिखाएं, इस व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाएं और ठोस निर्णय लें। हमारा मानना है कि यह एक नकारात्मक प्रवृत्ति है, इसे जड़ पकड़ने नहीं दिया जाना चाहिए।" 'डॉन 3' पर विवाद तब शुरू हुआ, जब रणवीर अचानक फिल्म से बाहर हो गए। उनके फैसले से निर्माताओं को बड़ा झटका लगा और उन्होंने अभिनेता से मुआवजे की मांग की है