Page Loader
क्या आप जानते हैं? 'बधाई हो' में आयुष्मान के माता-पिता बनने वाले थे तब्बू और इरफान
‘बधाई हो’ में साथ काम करने वाले थे तब्बू और इरफान खान

क्या आप जानते हैं? 'बधाई हो' में आयुष्मान के माता-पिता बनने वाले थे तब्बू और इरफान

Feb 24, 2022
07:51 am

क्या है खबर?

अगर आपने फिल्म 'बधाई हो' देखी होगी तो आपको इसमें आयुष्मान खुराना के माता-पिता बने नीना गुप्ता और गजराज राव भी याद होंगे। इस फिल्म में ना सिर्फ आयुष्मान, बल्कि नीना और गजराज की परफॉर्मेंस क दर्शकों ने सराहा था। भले ही दोनों ने पति-पत्नी के रूप में दर्शकों का दिल जीत लिया, लेकिन असल में वे फिल्म के लिए पहली पसंद नहीं थे। फिल्म में तब्बू और इरफान खान की एंट्री होने वाली थी। आइए जानते हैं पूरी खबर।

खुलासा

तब्बू ने सुझाया था नीना गुप्ता का नाम

फिल्म के निर्देशक अमित रविंद्रनाथ शर्मा ने कहा था, "आयुष्मान के माता-पिता की भूमिका के लिए हमारी पहली पसंद तब्बू और इरफान खान थे। हमने तब्बू से संपर्क किया था, लेकिन उन्होंने हमें सुझाव दिया कि इस रोल के लिए नीना मैम अच्छी रहेंगी।" अमित ने बताया, "तब्बू ने कहा कि हमें थोड़ी और ज्यादा उम्र की अभिनेत्री लेनी चाहिए, ताकि जब लोग उसे प्रेग्नेंट होते हुए देखें तो उन्हें विश्वास ही ना हो। मुझे तब्बू की बात अच्छी लगी।"

जवाब

इरफान खान ने भी कर दिया था इनकार

अमित ने कहा, "हमने तो तब्बू के साथ फिल्म में इरफान खान को कास्ट करने का मन बनाया था। इरफान से भी संपर्क किया गया था, लेकिन उन्होंने भी यही बात बोली कि वह पिता के किरदार में इतने फिट नहीं होंगे।" मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, तब्बू, इरफान के साथ यह भूमिका निभाने के लिए तैयार थीं, लेकिन इरफान फिल्म की कहानी और किरदार से संतुष्ट नहीं थे। लिहाजा बाद में नीना और गजराज राव की जोड़ी बनी।

फिल्में

इन फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं तब्बू-इरफान

तब्बू और इरफान खान ने साथ-साथ कई बेहतरीन फिल्मों में काम किया है। उनकी जोड़ी दर्शकों को बेहद पसंद थी। तब्बू और इरफान ने 'लाइफ ऑफ पाई', 'द नेमसेक', 'हैदर', 'तलवार' और 'मकबूल' जैसी कई फिल्मों में साथ काम किया। तब्बू ने एक इंटरव्यू में कहा था कि वह इरफान के साथ काम कर बहुत सहज महसूस करती हैं। उन्होंने कहा था कि इरफान के साथ उनकी जोड़ी खूब जमती है और दर्शक भी उनकी केमिस्ट्री को पसंद करते हैं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

इरफान खान ने 29 अप्रैल, 2020 को कैंसर से जंग हारकर हमेशा के लिए दुनिया को अलविदा कह दिया था। उनकी उम्र 53 साल थी। मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में इरफान ने आखिरी सांस ली थी। वह जिंदगी के आखिरी लम्हे तक लड़ते रहे थे।

फिल्म

कुछ ऐसी थी फिल्म 'बधाई हो'

2018 में आई फिल्म 'बधाई हो' में आयुष्मान खुराना, सान्या मल्होत्रा, गजराज राव, नीना गुप्ता और सुरेखा सिकरी जैसे कलाकार नजर आए थे। इसकी कहानी दिलचस्प और लीक से हटकर थी। कहानी दिल्ली के कौशिक परिवार की है, जहां घर में पिता (गजराज), मां (नीना) के साथ उनका बेटा नकुल कौशिक (आयुष्मान) रहते हैं। नकुल को रेने (सान्या मल्होत्रा) से मोहब्बत है। नकुल के घर में भूचाल तब मच जाता है, जब उसकी मां प्रेग्नेंट हो जाती हैं।