दिलजीत दोसांझ ने दिल्ली कॉन्सर्ट की अनुमति न मिलने पर तोड़ी चुप्पी, दिया करारा जवाब
क्या है खबर?
प्रशंसक बेसब्री से मशहूर गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के 'ऑरा इंडिया टूर' का इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच खबर आई थी कि उन्हें 30 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाले कॉन्सर्ट की अनुमति नहीं मिली है। इस बात से निराश हो कर गायक ने अपनी चुप्पी तोड़ी। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए दिलजीत ने कहा कि ऐसी रुकावटें आपको और भी मजबूत बनाएंगी। हालांकि, अब उन्हें इस कॉन्सर्ट के लिए मंजूरी मिल गई है।
दिलजीत
दिलजीत ने वीडियो में क्या कहा?
इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा कर दिलजीत ने कहा, "जब आपको कोई पीछे खींचने या आपका काम खराब करने की कोशिश करता है तब आप में और ऊर्जा आ जाती है। कई बार ऐसा होता है कि वो काम आपके लिए नहीं होता, आप बेहतर के हकदार होते हो। आप उस पर ध्यान दें। ये बात सच है कि 'हुकुम के अंदर सब कुछ। हुकुम के बाहर न कोई'। जो हो रहा है, ऊपर वाले के हुकुम से हो रहा है।"
संदेश
दिल्ली कॉन्सर्ट पर बोली ये बात
दिलजीत ने कहा, "अगर आज आप परेशान हैं तो हो सकता है कि ये आपकी भलाई के लिए हो और भविष्य में आपके बेहतर होने के लिए हो।"
उनका मानना है कि जब कोई आपका काम खराब करने की कोशिश करता है तो वह असल में आपको बेहतर काम के लिए पक्का करता है।
वीडियो खत्म करने से पहले दिलजीत ने प्रशंसकों को प्यार दिया और कहा कि वह उनसे दिल्ली के जेएनएल स्टेडियम में 30 अक्टूबर को मुलाकात करेंगे।
अनुमति
पुलिस ने दी दिल्ली कॉन्सर्ट की मंजूरी
अब बुकमायशो ने 23 अक्टूबर को दिल्ली कॉन्सर्ट के रद्द होने की खबरों को खारिज किया है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर चर्चा के बाद दिल्ली पुलिस ने कार्यक्रम के लिए अनुमति दे दी है, इसलिए शो तय योजना के अनुसार होगा।
उन्होंने बताया कि पुलिस के साथ उनकी बैठक हुई, जिसमें अधिकारियों की चिंताओं को दूर करने के लिए एक योजना सौंपी गई। इसके बाद अनुमति पर पुनर्विचार किया गया और उन्हें हरी झंडी मिल गई।