दिलजीत, एआर रहमान और इरशाद कामिल की तिकड़ी का बड़ा कमाल, यह गाना सुन भावुक हुए लोग
गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने हाल ही में 'क्या कमाल है' नाम से एक गीत रिलीज किया है। यह गीत पूरी दुनिया के शरणार्थियों को समर्पित है।
इस गाने को उन्होंने संगीतकार एआर रहमान और गीतकार इरशाद कामिल के साथ मिलकर तैयार किया है।
यह इम्तियाज अली की आने वाली फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' का हिस्सा है। इस गाने का म्यूजिक वीडियो उन लोगों को श्रद्धांजलि देता है, जिन्हें जंग और नफरत के चलते अपना घर छोड़ना पड़ा।
यह वीडियो उनकी कहानियों और मुश्किलों को सामने लाता है।
औरा टूर के दौरान दिलजीत ने फिल्माया यह गीत
दिलजीत ने अपनी 'औरा टूर' के दौरान ही इस श्रद्धांजलि गीत की शूटिंग पूरी की। यह गाना फिल्म के उस संदेश को भी उजागर करता है, जहां बंटवारे जैसे मुश्किल दौर में उम्मीद और इंसानियत को खास अहमियत दी गई है।
निर्देशक इम्तियाज ने इस गाने को 'उम्मीद की पुकार और इंसानों की हिम्मत को नमन' बताया है।
फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' में दिलजीत के साथ नसीरुद्दीन शाह, शर्वरी वाघ और वेदांग रैना भी अहम भूमिकाओं में हैं।
टिप्स म्यूजिक के बैनर तले बनी यह फिल्म 12 जून को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।