'धुरंधर' को 'धड़क 2' की निर्देशक शाजिया ने बताया 'भयानक', कहा- रग-रग में नफरत और हिंसा
क्या है खबर?
आदित्य धर के निर्देशन में बनी ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर' जहां बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई कर रही है, वहीं अब ये फिल्म एक बड़ी वैचारिक जंग के केंद्र में आ गई है। दरअसल, 'धड़क 2' की निर्देशक शाजिया इकबाल ने फिल्म की कड़ी आलोचना करते हुए इसे 'खतरनाक और पापपूर्ण' करार दिया है। शाजिया ने सोशल मीडिया पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट साझा कर फिल्म की नीयत पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। क्या कुछ लिखा शाजिया ने, आइए जानते हैं।
निशाना
कितनी भयानक फिल्म है ये- शाजिया
शाजिया इकबाल ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर बिना किसी लाग-लपेट के लिखा कि 'धुरंधर' जैसी फिल्में समाज के लिए घातक हैं। उन्होंने लिखा, 'ये कितनी भयानक फिल्म है! ये कोई छिपी हुई बात नहीं है और ना ही यह अनजाने में हुआ है। नफरत और हिंसा भड़काना इस फिल्म के DNA में है, लेकिन लोग कह रहे हैं कि यह एक 'बेहतरीन' फिल्म है... कुछ कूल बैकग्राउंड म्यूजिक के साथ।'
हमला
बॉलीवुड को भी आड़े हाथ लिया
शाजिया ने अपने पोस्ट में विशेष रूप से 'इंडस्ट्री ड्यूड ब्रोस' (फिल्म जगत के प्रभावशाली पुरुष गुट) पर तंज कसा। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म इंडस्ट्री के ये रसूखदार लोग ऐसी फिल्मों का जश्न मनाते हैं और अल्पसंख्यकों के प्रति अपनी बेरुखी को छिपाने की कोशिश भी नहीं करते। शाजिया के मुताबिक, फिल्म जगत का एक बड़ा हिस्सा मानवता और सामाजिक सद्भाव से ज्यादा 'मसालेदार और नफरत भरे' कंटेंट को तवज्जो दे रहा है।
आलोचना
मनोरंजन के नाम पर दूरियां बढ़ा रही है धुरंधर- दावा
शाजिया का मानना है कि 'धुरंधर' जैसी फिल्में मनोरंजन के नाम पर समाज में दूरियां पैदा करती हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट में फिल्म की सफलता को 'खतरनाक' बताते हुए इसे एक खास एजेंडे का हिस्सा बताया। जहां एक ओर पूरी फिल्म इंडस्ट्री 'धुरंधर' की तारीफ कर रही है, वहीं शाजिया के इस बयान ने बॉलीवुड को दो गुटों में बांट दिया है। अब देखना ये है कि फिल्म निर्माता या रणवीर सिंह इस तीखी आलोचना पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।
तंज
'द केरल स्टोरी 2' पर भी कसा तंज
शाजिया ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर 'द केरल स्टोरी 2' के टीजर का जिक्र करते हुए इसे समाज में जहर घोलने वाली फिल्म करार दिया। उन्होंने लिखा, 'और अब 'केरल स्टोरी 2' का टीजर भी आ गया है...।' शाजिया ने केवल शब्दों से ही हमला नहीं किया, बल्कि उन्होंने 'द केरल स्टोरी 2' के टीजर को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा करते हुए उसके बैकग्राउंड में एआर रहमान का मशहूर देशभक्ति गीत 'ये जो देस है तेरा (फिल्म स्वदेश) लगाया।
दावा
फिल्में और सोशल मीडिया मिलकर घोल रहे जहर?
गाने का इस्तेमाल कर शाजिया ने बिना कुछ कहे ये इशारा किया कि असली देशभक्ति लोगों को जोड़ने में है, ना कि 'केरल स्टोरी' जैसी फिल्मों की तरह नफरत फैलाने में। शाजिया ने सोशल मीडिया पर फैल रही नफरत और गलत सूचनाओं पर चिंता जताई और इसे 'नाजी जर्मनी' से भी ज्यादा खतरनाक प्रोपेगेंडा करार दिया। उनके मुताबिक, मौजूदा फिल्में और सोशल मीडिया मिलकर समाज में जो जहर घोल रहे हैं, वो आने वाले समय के लिए बड़ी चेतावनी है।
शुरुआत
करण जौहर की 'धड़क 2' से बॉलीवुड में उतरीं शाजिया इकबाल
शाजिया ने फिल्म 'धड़क 2' के साथ अपना बॉलीवुड डेब्यू किया था। करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म में सिद्धांत चतुर्वेदी और तृप्ति डिमरी के बीच की जटिल प्रेम कहानी को दिखाया गया था। हालांकि, उनकी ये फिल्म घरेलू बॉक्स ऑफिस पर केवल 22.45 करोड़ रुपये जुटा पाई थी, जबकि इसका बजट लगभग 45 करोड़ रुपये था। शाजिया इससे पहले नवाजुद्दीन सिद्दीकी अभिनीत अपनी शॉर्ट फिल्म 'बेबाक' (2018) के लिए काफी तारीफें बटोर चुकी हैं।