'धुरंधर 2' के सेट पर उड़ी नियमों की धज्जियां, AICWA ने कहा- जान से समझौता नहीं
क्या है खबर?
रणवीर सिंह और निर्देशक आदित्य धर की आगामी फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' विवादों के घेरे में आ गई है। एक ओर सुरक्षा नियमों के बार-बार उल्लंघन के चलते बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने फिल्म के प्रोडक्शन हाउस, B62 स्टूडियोज के सदस्यों को ब्लैकलिस्ट करने की मांग की है, वहीं अब ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने भी अपनी चुप्पी तोड़ दी है और प्रोडक्शन हाउस की कड़ी निंदा की है। क्या है पूरा विवाद, आइए जानते हैं।
लापरवाही
सेट पर सुरक्षा में चूक
AICWA ने 'धुरंधर: द रिवेंज' की शूटिंग के दौरान बार-बार हुए सुरक्षा उल्लंघनों की कड़ी निंदा की। ये प्रतिक्रिया तब आई है, जब BMC ने नियमों के बार-बार उल्लंघन के कारण आदित्य धर के प्रोडक्शन हाउस B62 स्टूडियोज के सदस्यों को ब्लैकलिस्ट कर दिया है। AICWA ने अपने अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता द्वारा जारी एक आधिकारिक प्रेस नोट के जरिए 'धुरंधर 2' की शूटिंग के दौरान हुई लापरवाही पर गहरा रोष व्यक्त किया है।
सुरक्षा
'हर साल जाती हैं कई जानें- AICWA
संगठन ने कहा, "फिल्म उद्योग के श्रमिकों, तकनीशियनों और मजदूरों के जीवन, सुरक्षा और सम्मान के साथ किसी भी परिस्थिति में समझौता नहीं किया जा सकता। ऐसी भारी लापरवाही के कारण हर साल कई श्रमिक अपनी जान गंवा देते हैं, जबकि कई अन्य आग लगने, बिजली के झटके लगने और असुरक्षित या गिरते हुए सेटों के कारण गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं।" AICWA ने पुरानी घटनाओं का भी हवाला दिया।
चिंता
AICWA ने फिल्म सेट पर लगातार खतरे पर जताई चिंता
एसाेसिएशन ने साफ किया कि 'धुरंधर 2' के सेट पर हुई लापरवाही कोई छोटी बात नहीं है। उन्होंने याद दिलाया कि पहले भी कई बार सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते बड़े हादसे हो चुके हैं। AICWA ने कहा, "गोरेगांव फिल्मसिटी और अन्य स्टूडियो में हुई वे दुखद घटनाएं, जिनमें आग और असुरक्षित कामकाजी परिस्थितियों के कारण श्रमिकों ने अपनी जान गंवाई थी, फिल्म उद्योग के कर्मचारियों द्वारा झेले जा रहे निरंतर खतरे की एक दर्दनाक याद दिलाती हैं।"
कारण
क्यों हुई 'धुरंधर 2' की टीम पर कार्रवाई?
BMC सूत्रों के अनुसार, 'धुरंधर 2' की टीम को कई बार चेतावनी दी गई, लेकिन उन्होंने लगातार नियमों को तोड़ना जारी रखा। सेट पर जलती हुई मशालों का इस्तेमाल किया गया, जिसके कारण मुंबई पुलिस को सामान जब्त करना पड़ा। नियमों को ताक पर रखकर शूटिंग सेट पर खाना बनाने के लिए गैस का इस्तेमाल किया गया। क्रू ने नागरिक निकाय से अनुमति लिए बिना शूटिंग की जगहें बदल दीं और अवैध रूप से बिल्डिंग की छत का इस्तेमाल किया।