'बिग बॉस 15' के फिनाले में शामिल नहीं होंगी देवोलीना भट्टाचार्जी, कराएंगी सर्जरी
क्या है खबर?
अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचार्जी जब 'बिग बॉस 13' में आई थीं तो एक टास्क के दौरान उनकी पीठ में चोट लग गई थी, जिसके बाद उन्हें सर्जरी करानी पड़ी थी।
अब एक बार फिर 'बिग बॉस' उनके लिए बुरा साबित हुआ है। शो में एक टास्क करते वक्त उनके पैर में लगी चोट के कारण उन्हें सर्जरी से गुजरना होगा। कहा जा रहा है कि देवोलीना 'बिग बॉस 15' के फिनाले में शामिल नहीं होंगी।
आइए जानते हैं उन्होंने क्या कहा।
खुलासा
डैमेज हो गई पैर की नस
'बिग बॉस 15' से निकलने के बाद देवोलीना ने इंस्टाग्राम पर लाइव सेशन किया। उन्होंने खुलासा किया, "बिग बॉस 15 के घर में पोल वाला टास्क करते हुए मुझे गंभीर चोट लग गई थी। लिहाजा मुझे अस्पताल में भर्ती होना पड़ रहा है।"
उन्होंने बताया, "25 फरवरी को मैंने MRI कराया। मेरी सेहत काफी खराब है। 19 घंटे भारी पड़ गए। मेरे पैर का ऑपरेशन होने वाला है। एक नस डैमेज हो गई है।"
यह कहते हुए देवोलीना रोने लगीं।
निराशा
देवोलीना बोलीं- मेरा समय खराब चल रहा है
देवोलीना ने कहा, "यह एक नर्व डिकंप्रेशन सर्जरी है, जो गंभीर है और कल होने वाली है। मैं इससे लडूंगी, लेकिन मैं घबराई हुई भी हूं। मुझे बस आप लोगों की दुुआओं की जरूरत है।"
उन्होंने कहा, "मैं अस्पताल में भर्ती होने से पहले आपसे बात करना चाहती थी। मेरा समय खराब चल रहा है।"
फैंस देवोलीना को 'बिग बॉस 15' के फिनाले में देखने को बेताब थे, लेकिन सर्जरी के कारण वह शायद अब इसका हिस्सा नहीं होंगी।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)
'बिग बॉस 15' का ग्रैंड फिनाले 29 और 30 फरवरी को रात 8 बजे होगा। इसमें कई बड़े सितारे शामिल होने वाले हैं। शो मे अब प्रतीक सहजपाल, रश्मि देसाई, करण कुंद्रा, तेजस्वी प्रकाश, निशांत भट्ट और शमिता शेट्टी यानी कुल छह प्रतियोगी बचे हैं।
टास्क
रश्मि देसाई के साथ हुआ था देवोलीना का टास्क
'टिकट टू फिनाले' के लिए रश्मि देसाई और देवोलीना के बीच एक टास्क हुआ था। उसमें 19 घंटे पोल के सहारे खड़े होकर देवोलीना ने कीर्तिमान तो रचा, लेकिन खेल का यह जज्बा उनकी सेहत खराब कर गया।
सीजन 13 में देवोलीना को टास्क के दौरान बैक इंजरी हुई थी। इसके चलते उन्हें शो बीच में छोड़ना पड़ा था। 'बिग बॉस 15' में देवोलीना को फिर खेलने का मौका मिला, लेकिन इस बार भी वह फिनाले में नहीं पहुंच पाईं।
पहचान
गोपी बहू बनकर घर-घर में लोकप्रिय हुईं देवोलीना
देवोलीना टीवी की उन अभिनेत्रियों में से हैं, जिन्होंने एक शो से रातों-रात खूब सफलता पाई। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2010 में डांस रिएलिटी शो 'डांस इंडिया डांस' से की थी।
इसके बाद 2011 में उन्होंने 'संवारे सबके सपने प्रीतो' में काम किया, लेकिन 2012 में आए सीरियल 'साथ निभाना साथिया' ने उन्हें स्टार बना दिया।
इसमें उन्होंने गोपी बहू का किरदार निभाया था। इस शो ने देवोलीना को बहुत ही कम समय में बहुत लोकप्रियता दिलवाई।