Page Loader
दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह बने माता-पिता, अभिनेत्री ने दिया बेटी को जन्म
दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह ने दी खुशखबरी (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@ranveersingh)

दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह बने माता-पिता, अभिनेत्री ने दिया बेटी को जन्म

Sep 08, 2024
01:11 pm

क्या है खबर?

दीपिका पादुकोण काफी समय से अपनी प्रेग्नेंसी को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में इस खबर से उनके प्रशंसक उत्साहित हो उठे थे कि दीपिका अस्पताल में भर्ती हो गई हैं और कभी भी वह बच्चे को जन्म दे सकती हैं। अब खबर है कि दीपिका मां बन गई हैं। इसी के साथ सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लग गया है। प्रशंसकों से लेकर फिल्मी सितारे तक दीपिका और उनके पति रणवीर सिंह को शुभकामनाएं दे रहे हैं।

खुशखबरी

दीपिका ने दिया बेटी को जन्म

भले ही खुद दीपिका या रणवीर ने यह खुशखबरी अपने प्रशंसकों के साथ साझा नहीं की है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अभिनेत्री ने बेटी को जन्म दिया है। दीपिका ने खुद यह जानकारी दी थी कि वह इसी महीने यानी सितंबर में मां बनेंगी। अब आखिरकार दीपिका और रणवीर के घर में किलकारियां गूंज उठी हैं, जिसके बाद उनके प्रशंसक सातवें आसमान पर हैं। बीते दिन दीपिका-रणवीर को सिद्धिविनायक मंदिर जाते देखा गया था।

घोषणा

दीपिका ने इस साल फरवरी में किया था प्रेग्नेंसी का ऐलान

बता दें कि दीपिका ने फरवरी, 2024 में अपनी प्रेग्नेंसी का ऐलान किया था और बताया था कि सितंबर में उनकी डिलिवरी होगी। उनका ये पोस्ट मिनटों में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। दीपिका ने 2018 में रणवीर से शादी की थी। उनकी शादी को 6 साल हो गए हैं। दोनों ने इटली के लेक कोमो में शादी रचाई थी। शादी से 3 साल पहले ही 2015 में दोनों ने गुपचुप सगाई कर ली थी।

तैयारी

मां बनने के बाद नए घर में शिफ्ट हो जाएंगे दीपिका-रणवीर

रणवीर और दीपिका के 100 करोड़ से ज्यादा के नए घर का काम जल्द ही पूरा होने वाला है। बीते दिनों बिल्डिंग का नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो फिर से इसकी चर्चा होने लगी। ये बिल्डिंग शाहरुख खान के घर 'मन्नत' के काफी करीब है। रणवीर-दीपिका ने 2 साल पहले इस बिल्डिंग में अपार्टमेंट बुक किया था। अब दीपिका मां बनने के बाद अपने बच्चे और रणवीर के साथ इस नए घर में शिफ्ट हो जाएंगी।

ब्रेक

कब तक ब्रेक पर रहेंगी दीपिका?

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो दीपिका ने अपनी प्रेग्नेंसी के हर पल का पूरा लुत्फ उठाया है और उनके मातृत्व अवकाश की बात करें तो वह अगले साल मार्च तक ब्रेक पर रहेंगी। अगले कुछ महीने वह अपने बच्चे को समर्पित करेंगी और अपना पूरा वक्त उसी के साथ बिताएंगी। इसके बाद दीपिका तुरंत अमिताभ बच्चन और प्रभास के साथ 'कल्कि 2898 AD' के सीक्वल की शूटिंग में जुट जाएंगी। उनकी फिल्म 'सिंघम अगेन' भी कतार में है।