आर्यन खान ड्रग्स मामले में टिप्पणी करने पर महबूबा मुफ्ती के खिलाफ शिकायत दर्ज
क्रूज पार्टी में ड्रग्स के मामले में फंसे शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान अभी सुर्खियों में बने हुए हैं। कोर्ट ने आर्यन समेत आठ आरोपियों की जमानत पर सुनवाई 8 अक्टूबर को की थी। इसके बाद अदालत ने उनकी जमानत याचिका को खारिज कर दिया था। अब इस मामले में टिप्पणी करने को लेकर जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज की गई है। उनके खिलाफ दिल्ली के एक वकील ने शिकायत दर्ज करवाई है।
आर्यन को सरनेम 'खान' की वजह से बनाया जा रहा निशाना- महबूबा
महबूबा ने कहा था कि सुपरस्टार शाहरुख के बेटे आर्यन को उनके सरनेम 'खान' की वजह से निशाना बनाया जा रहा है। सोमवार को उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा, 'चार किसानों की हत्या के आरोपी केंद्रीय मंत्री के बेटे के मामले में उदाहरण पेश करने के बजाय केंद्रीय एजेंसियां 23 साल के लड़के के पीछे पड़ी हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि उस लड़के का सरनेम खान है।' इस टिप्पणी के बाद राजनीतिक गलियारों में उबाल आ गया था।
महबूबा के खिलाफ FIR दर्ज करने की हुई मांग
उन्होंने अपने पोस्ट में आगे लिखा, 'न्याय का उपहास उड़ाकर BJP के कोर वोट बैंक को खुश करने और उनकी इच्छाओं को पूरा करने के लिए मुसलमानों को निशाना बनाया जाता है।' इस ट्वीट के बाद दिल्ली के एक वकील ने अपनी शिकायत में कहा कि महबूबा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धाराओं के तहत FIR दर्ज होनी चाहिए। उन्होंने महबूबा पर समुदायों के बीच शत्रुता फैलाने का आरोप लगाया है।
यहां देखिए महबूबा का ट्विटर पोस्ट
करीब चार साल से ड्रग्स का सेवन कर रहे आर्यन- NCB
इंडिया टुडे के अनुसार, NCB द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद जब आर्यन से पूछताछ की जा रही थी तो वह फूट-फूटकर रोए। NCB के आधिकारिक सूत्रों ने बताया था कि पूछताछ के दौरान आर्यन लगातार रोते रहे। पूछताछ में यह भी पता चला कि आर्यन करीब चार साल से ड्रग्स का सेवन कर रहे हैं। NCB के सूत्रों के मुताबिक, आर्यन भारत के बाहर ब्रिटेन, दुबई और दूसरे देशों में भी ड्रग्स का सेवन करते थे।
जमानत याचिका पर 13 अक्टूबर को होगी सुनवाई
NCB ने आर्यन, अरबाज मर्चेंट, मुनमुन धमेचा, नुपूर सारिका, इश्मीत सिंह, मोहक जायसवाल, विक्रांत छोंकर और गोमित चोपड़ा को हिरासत में लिया था। NCB ने क्रूज से कोकीन पांच ग्राम M.D, 21 ग्राम चरस, MDM की 22 गोलियां और 1,33,000 रुपये नकद जब्त किए थे। 3 अक्टूबर को आर्यन को गिरफ्तार किया गया था। 7 अक्टूबर को उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया। अब आर्यन की जमानत पर अगली सुनवाई 13 अक्टूबर को होगी।