Page Loader
सर्कस: रणवीर सिंह की लगातार तीसरी फिल्म फ्लॉप, क्या कहते हैं ट्रेड एक्सपर्ट्स?
फ्लॉप हुई रणवीर सिंह की 'सर्कस' (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@itsrohitshetty)

सर्कस: रणवीर सिंह की लगातार तीसरी फिल्म फ्लॉप, क्या कहते हैं ट्रेड एक्सपर्ट्स?

Dec 30, 2022
05:50 pm

क्या है खबर?

रणवीर सिंह बीते कुछ समय में भारत के लिए ग्लोबल आइकॉन बनकर उभरे हैं। उन्हें कई अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं। इस प्रतिष्ठा के उलट बॉलीवुड में उनका स्टारडम फीका होता जा रहा है। बॉक्स ऑफिस पर रणवीर की फिल्में एक के बाद एक फ्लॉप हो रही हैं। क्रिसमस के मौके पर रिलीज हुई 'सर्कस' भी फ्लॉप हो गई है। यह रणवीर की लगातार तीसरी फ्लॉप फिल्म है। जानते हैं, एक्सपर्ट्स का इस बारे में क्या मानना है।

सर्कस

फेस्टिव सीजन के बाद भी फ्लॉप हुई 'सर्कस'

रोहित शेट्टी की फिल्म 'सर्कस' 23 दिसंबर को बड़े पर्दे पर रिलीज हुई है। अपने पहले हफ्ते में फिल्म महज 27 करोड़ रुपये के करीब कमा सकी है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिल्म के लिए 30 करोड़ रुपये का आंकड़ा छूना भी मुश्किल है। जबकि यह फिल्म करीब 200 करोड़ रुपये के बजट में बनी है। फेस्टिव सीजन के बाद भी दर्शक नहीं बढ़ रहे हैं। कुछ ही दिन में फिल्म सक्रीन्स से हटाई जा सकती है।

जयेशभाई जोरदार

जयेशभाई जोरदार का भी नहीं चला जोर

यशराज फिल्म्स की यह फिल्म इस साल मई में रिलीज हुई थी। रणवीर की इस फिल्म को भी दर्शकों ने नकार दिया। निर्देशक दिव्यांग ठक्कर की यह फिल्म कन्या भ्रूण हत्या पर आधारित थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म दुनियाभर में सिर्फ 26.31 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर सकी थी। यह फिल्म करीब 86 करोड़ रुपये में बनाई गई थी। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की अपनी लागत भी न निकाल पाने के कारण रणवीर के स्टारडम पर सवाल उठने लगे थे।

83

'83 भी हो गई थी फ्लॉप

1983 में भारतीय क्रिकेट टीम द्वारा पहली बार विश्वकप जीतने के सफर को दिखाती इस फिल्म से काफी उम्मीदें थीं। एक्सपर्ट्स का मानना था कि इस फिल्म को क्रिकेट प्रशंसक और बॉलीवुड प्रशंसक, दोनों का फायदा मिलेगा। इसके उलट यह फिल्म भी फ्लॉप हो गई। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह फिल्म करीब 270 करोड़ रुपये में बनाई गई थी जबकि बॉक्स ऑफिस पर फिल्म 193 करोड़ रुपये समेट पाई। फिल्म में रणवीर के ऑपोजिट दीपिका पादुकोण दिखाई दी थीं।

एक्सपर्ट

क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स?

बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रेड एनालिस्ट अतुल मोहन का कहना है कि वह आज के दौर के टॉप कलाकारों में शामिल हैं। उनके पास कई ब्रैंड एंडोर्समेंट हैं। भले उनकी फिल्में फ्लॉप हो गईं, लेकिन उनके अभिनय को सराहा गया। फिल्ममेकिंग एक टीमवर्क होता है। फिल्में फ्लॉप होने का सारा जिम्मा अभिनेता पर नहीं डालना चाहिए। वह बड़े कलाकार हैं, एक हिट से ही वह खेल में वापस आ जाएंगे।

चयन

सावधानी से फिल्में चुनें रणवीर- एक्सपर्ट

अन्य एक्सपर्ट्स का मानना है कि पिछली तीन फिल्में फ्लॉप होने से रणवीर का ट्रैक रिकॉर्ड खराब हुआ है। तीनों बड़े निर्माताओं, यशराज, कबीर खान और रोहित शेट्टी की फिल्में थीं। एक्सपर्ट्स का यह भी कहना है कि रणवीर को अपनी फिल्में चुनने में सावधानी बरतनी चाहिए। निर्माताओं के साथ साझेदारी के चक्कर में उन्हें कोई भी प्रोजेक्ट बिना सोचे-समझे नहीं लेना चाहिए। रणवीर की अगली फिल्म करण जौहर की 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

रणवीर ने 2010 की 'बैंड बाजा बारात' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। 'गोलियों की रासलीला- रामलीला', 'बाजीराव मस्तानी' और 'पद्मावत' जैसी फिल्मों में दमदार प्रदर्शन से दर्शक और निर्माता, दोनों उनके कायल हो गए। 2018 में रणवीर और दीपिका की शादी सुर्खियों में रही।