
आर्यन की गिरफ्तारी के बाद BYJU'S ने शाहरुख खान के विज्ञापनों पर लगाई रोक- रिपोर्ट
क्या है खबर?
शाहरुख खान कुछ समय से विवादों में हैं और हों भी क्यों ना, उनका बेटा आर्यन ड्रग्स केस में सलाखों के पीछे जो है। आर्यन की गिरफ्तारी का असर अब शाहरुख की पेशेवर जिंदगी पर भी दिखने लगा है।
तभी तो देश की सबसे बड़ी एजुकेशन टेक्नोलॉजी कंपनी BYJU'S (बायजूस) ने शाहरुख के विज्ञापनों पर रोक लगा दी है। यह कहना गलत नहीं होगा कि बेटे की गिरफ्तारी से शाहरुख को तगड़ा झटका लगा है।
आइए पूरी खबर जानते हैं।
रिपोर्ट
कंपनी से तीन से चार करोड़ रुपये कमाते थे शाहरुख
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, एडवांस बुकिंग के बावजूद BYJU'S ने शाहरुख के सभी विज्ञापनों को बंद कर दिया है।
इस ब्रांड को एंडोर्स करने के बदले शाहरुख को सालाना करीब तीन से चार करोड़ रुपये मिलते थे यानी अब उन्हें बड़ा आर्थिक नुकसान हो सकता है।
शाहरुख 2017 से इस कंपनी के ब्रांड एंबेसडर हैं। उनकी स्पॉन्सरशिप डील्स में BYJU'S सबसे बड़ा ब्रांड था। BYJU'S ने तीन हफ्ते पहले ही शाहरुख संग अपना नया ऐड कैंपेन शुरू किया था।
कारण
BYJU'S ने शाहरुख से क्यों किया किनारा?
आर्यन की गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर शाहरुख के साथ लोग ब्रांड को भी निशाना बना रहे थे। सोशल मीडिया पर लोग BYJU'S से सवाल पूछ रहे थे कि वह शाहरुख को ब्रांड एंबेसडर बनाकर क्या संदेश दे रही है?
लोगों का कहना है कि जो खुद अपने बच्चे को अच्छे संस्कार और कानून की जानकारी नहीं दे सकता, वह क्या लर्निंग ऐप का प्रचार करेगा?
सोशल मीडिया पर कंपनी को तीखी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा था।
जानकारी
जानिए BYJU'S के बारे में
BYJU'S की पिछले दो सालों में भारत के साथ विदेशों में भी जबरदस्त ग्रोथ हुई है। यह भारत की सबसे बड़ी ऑनलाइन एजुकेशन स्टार्ट-अप कंपनी है।
यह ऐसी चुनिंदा लर्निंग ऐप्स में से एक है, जिसमें आप लगभग सभी तरह के कोर्सेज, सभी उम्र के लोगों के लिए पा सकते हैं।
इसके जरिए आप घर बैठे अपने कंप्यूटर पर या मोबाइल के माध्यम से एग्जाम की तैयारी कर सकते हैं। इस लर्निंग ऐप को 2015 में लॉन्च किया गया था।
शिकंजा
ड्रग्स मामले में कब फंसे आर्यन खान?
NCB ने मुंबई में क्रूज पर चल रही रेव पार्टी से आर्यन खान, अरबाज मर्चेंट, मुनमुन धमेचा, नुपूर सारिका, इश्मीत सिंह, मोहक जायसवाल, विक्रांत छोंकर और गोमित चोपड़ा को हिरासत में लिया था।
NCB ने क्रूज से कोकीन पांच ग्राम M.D, 21 ग्राम चरस, MDM की 22 गोलियां और 1,33,000 रुपये नकद जब्त किए थे।
3 अक्टूबर को आठ घंटे की लंबी पूछताछ के बाद आर्यन समेत उनके दो दोस्तों को गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल आर्यन जेल में हैं।