ब्रिटनी स्पीयर्स पर आरोप तय, BMW, नशा और बेकाबू रफ्तार; अब क्या होगा?
क्या है खबर?
पॉप स्टार ब्रिटनी स्पीयर्स पर कैलिफोर्निया में शराब और ड्रग्स के प्रभाव में गाड़ी चलाने (DUI) का औपचारिक आरोप दर्ज किया गया है। यै मामला मार्च 2026 की उस घटना से जुड़ा है, जब उन्हें अपनी BMW कार को लापरवाही से चलाने के लिए रोका गया था। फिलहाल, ब्रिटनी स्वेच्छा से एक रिहैब सेंटर में अपना इलाज करा रही हैं, जबकि इस मामले में उनकी कोर्ट में सुनवाई सोमवार को होनी तय हुई है।
मामला
शराब और ड्रग्स के नशे में गाड़ी चलाने का आरोप, केस दर्ज
ब्रिटनी एक बार फिर कानूनी पचड़े में फंस गई हैं। कैलिफोर्निया के वेंचुरा काउंटी जिला अटॉर्नी कार्यालय ने उन पर शराब और ड्रग्स के संयुक्त प्रभाव में गाड़ी चलाने (DUI) का आरोप लगाया है। अधिकारियों के मुताबिक, ब्रिटनी पर ये मामला एक मामूली कानूनी अपराध के तौर पर दर्ज किया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि जब उन्हें पकड़ा गया, तब वे शराब और कम से कम एक नशीली दवा (ड्रग) के नशे में गाड़ी चला रही थीं।
बयान
गिरफ्तारी के बाद ब्रिटनी की टीम ने मानी गलती
ब्रिटनी को 4 मार्च को नशे में गाड़ी चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और अगले दिन दक्षिणी कैलिफोर्निया की जेल से रिहा कर दिया गया था। ब्रिटनी के प्रतिनिधि ने उनकी गिरफ्तारी के बाद द हॉलीवुड रिपोर्टर से बात करते हुए कहा था, "ये एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी, जिसे किसी भी तरह सही नहीं ठहराया जा सकता। ब्रिटनी अब सही कदम उठाएंगी और कानून का पूरी तरह पालन करेंगी।
फैसला
खुद नशा मुक्ति केंद्र पहुंचीं ब्रिटनी
इसी महीने ब्रिटनी ने अपनी मर्जी से नशा मुक्ति केंद्र में दाखिला लिया था। 4 मई को होने वाली सुनवाई में उन्हें व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने की जरूरत नहीं है, उनकी जगह वकील पक्ष रखेंगे। अभियोजकों के अनुसार, केस की समीक्षा मानक नियमों के तहत होगी, क्योंकि ब्रिटनी का कोई पुराना DUI रिकॉर्ड नहीं है, कोई दुर्घटना नहीं हुई और उनके खून में अल्कोहल का स्तर भी कम था।
लोकप्रियता
ब्रिटनी स्पीयर्स, जिनकी दीवानी है पूरी दुनिया
ब्रिटनी अमेरिकी गायिका, डांसर और अभिनेत्री हैं, जिन्हें दुनियाभर में 'प्रिंसेस ऑफ पॉप' के नाम से जाना जाता है। अपने शानदार करियर में ग्रैमी अवाॅर्ड और कई गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स जीतने वाली ब्रिटनी सिर्फ संगीत ही नहीं, बल्कि अपने बेबाक अंदाज और डांसिंग स्टाइल के लिए भी मशहूर हैं। 2000 के दशक की शुरुआत में जब भारत में केबल टीवी और MTV का दौर चरम पर था, तब ब्रिटनी के गानों ने भारतीय युवाओं के बीच खास जगह बनाई थी।