कॉमेडियन रसेल ब्रांड रेप के दोषी करार, 3 महिलाओं के यौन उत्पीड़न का आरोप भी साबित
क्या है खबर?
ब्रिटिश कॉमेडियन और अभिनेता रसेल ब्रांड को लंदन की साउथवार्क क्राउन कोर्ट ने रेप के एक और यौन उत्पीड़न के 3 मामलों में दोषी ठहराया है। ये फैसला उनके करियर के चरम समय (1999 से 2009 के बीच) के दौरान चार महिलाओं द्वारा लगाए गए यौन शोषण के गंभीर आरोपों पर चली सुनवाई के बाद आया है। 51 वर्षीय अभिनेता को अब इन संगीन अपराधों के लिए लंबी जेल की सजा का सामना करना पड़ सकता है।
मामले
2 मामलों में बरी हुए रसेल
जूरी ने रसेल ब्रांड को बलात्कार के 2 अन्य मामलों और अश्लील हमले की कोशिश के 1 आरोप से बरी कर दिया।
ब्रांड ने सभी 7 आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कोर्ट में कहा कि ये संबंध दोनों की मर्जी से बने थे और कुछ आरोपों को बढ़ा-चढ़ाकर या मनगढ़ंत तरीके से पेश किया गया है।
दूसरी तरफ, सरकारी वकीलों ने उन्हें एक बेरहम यौन शिकारी बताया, जिसने महिलाओं का फायदा उठाने के लिए अपनी शोहरत का इस्तेमाल किया।
सुनवाई
कैटी पेरी के पूर्व पति रसेल ब्रांड पर 10 साल के मामलों पर चली सुनवाई
ये आरोप रसेल के 10 साल के करियर से जुड़े हैं, जब वो ब्रिटेन के बड़े कॉमेडियन और टीवी एंकर थे।
बाद में 'गेट हिम टू द ग्रीक' और 'आर्थर' जैसी फिल्मों से उन्हें दुनियाभर में पहचान मिली। वो अमेरिकी पॉप स्टार कैटी पेरी के पति भी रह चुके हैं।
साउथवार्क क्राउन कोर्ट में 12 अक्टूबर से शुरू हुए इस मुकदमे में 1999 से 2009 के बीच 7 अपराधों के मामलों पर पीड़ितों, गवाहों और ब्रांड के बयान सुने गए।
फैसला
4 मामलों में दोषी पाए गए रसेल ब्रांड, कोर्ट जल्द सुनाएगा सजा
कोर्ट ने रसेल ब्रांड को बलात्कार के 1 और यौन उत्पीड़न के 3 मामलों में दोषी पाया, जबकि बलात्कार के 2 और अश्लील हमले की कोशिश के 1 मामले से बरी कर दिया।
इसका मतलब है कि जूरी ने सभी आरोपों में उन्हें दोषी नहीं माना और हर मामले का अलग फैसला किया। अब 4 अपराधों में दोषी साबित होने के बाद कोर्ट जल्द ही उनकी सजा का ऐलान करेगा।