'धुरंधर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर रचा इतिहास, 3 दिन में 300 करोड़ पार
क्या है खबर?
रणवीर सिंह और निर्देशक आदित्य धर की जोड़ी ने बॉक्स ऑफिस पर सुनामी ला दी है। फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' ने रिलीज के मात्र 3 दिनों के भीतर ही वर्ल्डवाइड 500 करोड़ रुपये की कमाई कर एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। तीसरे दिन (शनिवार) को फिल्म ने भारत मे 300 करोड़ क्लब में भी शामिल हो गई है। आइए जानें शनिवार की छुट्टी का फिल्म को कितना फायदा मिला।
कमाल
3 दिन में 300 करोड़ी बनी फिल्म
बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक, 'धुरंधर 2' ने पहले शनिवार यानी रिलीज के तीसरे दिन को देशभर में 113 करोड़ रुपये का काराेबार किया। इसने हिंदी में सबसे ज्यादा कमाई की, जो कि 105 करोड़ रुपये रही। इसी के साथ भारत में इस फिल्म ने अब तक 339.27 करोड़ रुपये कमा लिए हैं यानी महज 3 दिन में फिल्म 300 करोड़ रुपये के जादुई आंकड़े को पार कर लिया है।
सराहना
जुबानी तारीफ से चमकी फिल्म
फिल्म की सफलता में लोगों की जुबानी तारीफ का बड़ा योगदान है। सोशल मीडिया और सिनेमाघरों में मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया से उत्साह बढ़ा है। रणवीर सिंह के अभिनय और आदित्य धर के निर्देशन को खूब सराहना मिल रही है। ईद वीकेंड का भी फायदा मिल रहा है, ट्रेड पंडितों का मानना है कि फिल्म अपने ओपनिंग वीकेंड में 400 से 500 करोड़ रुपये तक की कमाई कर सकती है, जो इसे एक बड़ी सफलता बना सकता है।
फिल्म
'धुरंधर 2' के बारे में
आदित्य धर के निर्देशन में बनी 'धुरंधर 2' एक जबरदस्त एक्शन-थ्रिलर है, जिसमें रणवीर मुख्य भूमिका में हैं। वो फिल्म में जासूस हमजा अली मजारी का किरदार निभा रहे हैं, जो देश सेवा के लिए पाकिस्तान में एक खतरनाक और गुप्त जीवन जीता है। फिल्म में आर माधवन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और राकेश बेदी भी दमदार भूमिकाओं में हैं। 'धुरंधर' की विरासत को आगे बढ़ाते हुए यह फिल्म आधुनिक युद्ध और देशभक्ति के नए स्तर को छूती है।
उस्ताद भगत सिंह
'धुरंधर 2' के तूफान के बीच 'उस्ताद भगत सिंह' की कमाई
बॉक्स ऑफिस पर 'धुरंधर 2' की धूम देखने को मिल रही है। इसके सामने पवन कल्याण की 'उस्ताद भगत सिंह' की हालत पतली हो रखी है। पवन कल्याण, राशि खन्ना और श्रीलीला अभिनीत ये फिल्म 'धुरंधर 2' के मुकाबले बहुत कम कमाई कर रही है। इसने पहले दिन 34.75 करोड़ रुपये, दूसरे दिन 9 करोड़ रुपये और तीसरे दिन यानी ईद पर 9.15 करोड़ रुपये का कारोबार किया। भारत में फिल्म की कमाई 52.90 करोड़ रुपये हो चुकी है।