अमेजन प्राइम वीडियो में आया टिक-टॉक जैसा नया शॉर्ट वीडियो फीचर
क्या है खबर?
अमेजन ने अपनी प्राइम वीडियो ऐप में "क्लिप्स" नाम का नया शॉर्ट वीडियो फीचर शुरू किया है। इस फीचर के जरिए यूजर्स छोटे-छोटे वीडियो क्लिप देखकर नई फिल्में और शो खोज सकेंगे। कंपनी के अनुसार, यह फीचर लोगों को पूरा शो देखने के लिए आकर्षित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है और फिलहाल इसकी शुरुआत अमेरिका में की गई है। प्राइम वीडियो का कहना है कि इससे दर्शकों को कंटेंट खोजने का नया और आसान तरीका मिलेगा।
खासियत
छोटे वीडियो देखकर सीधे शो तक पहुंच सकेंगे यूजर्स
नए "क्लिप्स" फीचर में प्राइम वीडियो के अलग-अलग शो और फिल्मों के छोटे वीडियो दिखाई देंगे। किसी क्लिप को देखने के बाद यूजर्स उसे अपनी वॉचलिस्ट में जोड़ सकेंगे, दोस्तों के साथ शेयर कर सकेंगे या सीधे पूरा शो देख सकेंगे। अगर कोई कंटेंट सब्सक्रिप्शन में शामिल नहीं होगा, तो उसे किराए पर लेने या खरीदने का विकल्प भी मिलेगा। कंपनी का कहना है कि यह फीचर खास तौर पर मोबाइल यूजर्स को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
परीक्षण
पहले NBA सीजन के दौरान किया गया था परीक्षण
अमेजन ने इस फीचर का परीक्षण NBA सीजन के दौरान किया था। उस समय यूजर्स को हाइलाइट्स दिखाए गए थे, जिन्हें लोग टिक-टॉक की तरह स्क्रॉल कर सकते थे। कंपनी को इस फीचर से अच्छा रिस्पॉन्स मिला, जिसके बाद इसे प्राइम वीडियो में जोड़ा गया। अब दूसरे बड़े स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म भी इसी तरह के फीचर ला रहे हैं। नेटफ्लिक्स, डिज्नी, पीकॉक और टुबी जैसी कंपनियां भी छोटे वीडियो के जरिए यूजर्स को नया कंटेंट दिखाने पर जोर दे रही हैं।
अन्य
जल्द और ज्यादा यूजर्स तक पहुंचेगा नया फीचर
क्लिप्स फीचर अमेरिका में कुछ खास यूजर्स के लिए iOS, एंड्रॉयड और फायर टैबलेट पर शुरू किया गया है। आने वाले महीनों में इसे बड़े स्तर पर रोल आउट किया जाएगा। यूजर्स प्राइम वीडियो ऐप के होम पेज पर नीचे स्क्रॉल करके इस फीचर तक पहुंच सकेंगे। इसके बाद एक फुल स्क्रीन वर्टिकल वीडियो फीड खुलेगी, जिसमें लगातार नए क्लिप दिखाई देंगे। कंपनी को उम्मीद है कि यह फीचर लोगों को प्लेटफॉर्म पर ज्यादा समय बिताने के लिए प्रेरित करेगा।