ऐपल के लिए चिप बनाएगी इंटेल, दोनों कंपनियों के बीच हुई अहम साझेदारी
क्या है खबर?
करीब एक साल तक चली बातचीत के बाद ऐपल और इंटेल के बीच नई और अहम साझेदारी की खबर सामने आई है। द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, ऐपल अब अपने कुछ डिवाइस के लिए इंटेल से चिप्स बनवा सकती है। हालांकि, इस समझौते का पूरा आकार अभी साफ नहीं हुआ है। ऐपल हर साल करोड़ों आईफोन और दूसरे डिवाइस बेचती है, इसलिए उसे लगातार बड़ी मात्रा में चिप्स की जरूरत पड़ती है।
काम
पहले भी लंबे समय तक साथ काम कर चुकी हैं दोनों कंपनियां
ऐपल और इंटेल पहले भी कई साल तक साथ काम कर चुकी हैं। साल 2006 से ऐपल के मैक कंप्यूटर में इंटेल के प्रोसेसर इस्तेमाल होने लगे थे। बाद में ऐपल ने अपने खुद के चिप्स बनाने शुरू कर दिए। साल 2019 में ऐपल ने इंटेल के मॉडेम कारोबार का बड़ा हिस्सा भी खरीद लिया था। उस सौदे में हजारों कर्मचारी और कई तकनीकी संसाधन ऐपल को मिले थे, जिससे वह अपने नए चिप्स और मॉडेम तैयार कर सकी।
चुनौतियां
इंटेल ने हाल के वर्षों में झेली बड़ी चुनौतियां
पिछले कुछ वर्षों में इंटेल को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। मोबाइल चिप बाजार में क्वालकॉम और आर्म जैसी कंपनियों से मुकाबले में इंटेल पीछे रह गई थी। वहीं AMD ने अपने रायजन प्रोसेसर के जरिए बाजार में इंटेल की हिस्सेदारी कम कर दी। इसी वजह से कंपनी को अपने कारोबार में कई बड़े बदलाव करने पड़े। इसके बाद इंटेल ने नए समझौते और AI प्रोजेक्ट्स के जरिए अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश तेज कर दी।
समझौते
एनवीडिया और मस्क की कंपनियों से भी हुए समझौते
हाल के समय में इंटेल ने कई बड़ी कंपनियों के साथ नए समझौते किए हैं। कंपनी ने एनवीडिया के लिए डाटा सेंटर और PC चिप्स बनाने का करार किया है। इसके अलावा, टेस्ला, स्पेस-X और xAI जैसे प्रोजेक्ट्स के लिए भी इंटेल चिप्स तैयार करेगी। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी सरकार भी इंटेल को फिर मजबूत बनाने में रुचि दिखा रही है। अब ऐपल के साथ नई डील की खबर को कंपनी के लिए एक बड़ा अवसर माना जा रहा है।