'भूत बंगला' पर 10वें दिन हुई नोटों की बारिश, 'माइकल' ने भी लूटा बॉक्स ऑफिस
क्या है खबर?
बॉक्स ऑफिस पर इस वक्त अलग-अलग शैली की फिल्मों ने कब्जा जमाया हुआ है। एक तरफ अक्षय कुमार की हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'भूत बंगला' दर्शकों का फुल मनोरंजन कर रही है। उसके सामने अविनाश तिवारी की फिल्म 'गिन्नी वेड्स सन्नी 2' खड़ी है। माइकल जैक्सन की बायोपिक 'माइकल' का जादू भी भारतीय दर्शकों पर चलता दिख रहा है। इन तीनों के आगे 'धुरंधर 2' भी हार मानने के लिए तैयार नहीं है। आइए जानते हैं इन सभी की ताजा कमाई।
कमाई
'भूत बंगला' ने वीकेंड पर उड़ाया गर्दा
सैकनिल्क के मुताबिक, 'भूत बंगला' ने 9वें दिन, यानी शनिवार को 10.75 करोड़ रुपये कमाए थे। अगले दिन रविवार को इसने 12.50 करोड़ रुपये का कारोबार करते हुए न सिर्फ 100 करोड़ के क्लब में दस्तक दी है, बल्कि 113.40 करोड़ रुपये का नेट आंकड़ा भी पार कर लिया है। अविनाश और मेधा शंकर की फिल्म 'गिन्नी वेड्स सन्नी 2' का बुरा हाल है। इसने तीसरे दिन 46 लाख कमाते हुए अब तक सिर्फ 1.20 करोड़ रुपये एकत्र किए हैं।
अन्य फिल्में
'माइकल' और 'धुरंधर 2' का जादू बरकरार
हिंदी फिल्मों के बीच 'किंग ऑफ पॉप' की बायोपिक 'माइकल' अपना दबदबा कायम किए हुए है। सैकनिल्क के मुताबिक, 24 अप्रैल को रिलीज हुई इस फिल्म ने तीसरे दिन 5.50 करोड़ रुपये कमाए हैं। इस तरह फिल्म ने भारत में कुल 16 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' भी हार नहीं मान रही है। इसने 39वें दिन 3.40 करोड़ रुपये कमाए हैं, जिसके बाद फिल्म का कुल कारोबार 1,130.59 करोड़ रुपये हो गया है।