प्रियंका चाहर चौधरी को मिला शाहरुख खान का साथ, 'डंकी' से शुरू करेंगी अपनी फिल्मी पारी
क्या है खबर?
'बिग बॉस 16' में प्रियंका चाहर चौधरी ने अपनी एक खास जगह बनाई है। शो के होस्ट सलमान खान भी उनसे बेहद प्रभावित हैं। उन्होंने तो यह तक कह दिया था कि वह उन्हें फिल्म ऑफर करेंगे।
बहरहाल, सलमान संग प्रियंका फिल्म करें ना करें, लेकिन शाहरुख खान के साथ काम करना उनका तय माना जा रहा है। खबर है कि उन्हें शाहरुख की फिल्म 'डंकी' में साइन कर लिया गया है।
आइए जानते हैं क्या कुछ जानकारी मिली है।
रिपोर्ट
प्रियंका की हो गई फिल्म में एंट्री
टेली चक्कर में छपी खबर के मुताबिक, प्रियंका को शाहरुख की बहुचर्चित फिल्म 'डंकी' में साइन कर दिया गया है।
सोशल मीडिया पर भी हर कहीं यही चर्चा है कि प्रियंका इस फिल्म से बॉलीवुड में अपनी पारी शुरू करने वाली हैं।
यहां तक कि कुछ प्रशंसक तो उन्हें इसके लिए शुभकामनाएं भी देने लगे हैं, जबकि अभी इस खबर की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है। खबर है कि उन्हें फिल्म में एक अहम भूमिका सौंपी गई है।
फिल्म
जानिए फिल्म 'डंकी' के बारे में
शाहरुख की फिल्म 'डंकी' का निर्देशन राजकुमार हिरानी कर रहे हैं। फिल्म की कहानी डंकी फ्लाइट पर केंद्रित है।
फिल्म में पंजाब का एक लड़का दिखाया जाएगा, जो कनाडा जाने के लिए डंकी फ्लाइट वाला रास्ता लेगा। इसमें शाहरुख की जोड़ी पहली बार अभिनेत्री तापसी पन्नू के साथ बनी है।
यह फिल्म राजकुमार हिरानी फिल्म्स और शाहरुख की प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज के बैनर तले बन रही है। 'डंकी' 22 दिसंबर, 2023 को सिनेमाघरों में आएगी।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
बता दें कि डंकी फ्लाइट उस रास्ते को कहा जाता है, जिसे लोग एक से दूसरे देश में जाने के लिए अवैध रूप से इस्तेमाल करते हैं। भारतीय लोगों की बात करें तो वे ज्यादातर ऐसा रास्ता अमेरिका और कनाडा जाने के लिए अपनाते हैं।
प्रस्ताव
सलमान भी प्रियंका के साथ फिल्म करने को तैयार
सलमान ने पिछले दिनों शो में कहा था, "मैं 'बिग बॉस' के हर सीजन के किसी न किसी प्रतियोगी के साथ काम करता हूं। इस बार बात बनी तो मैं प्रियंका के साथ फिल्म करना चाहूंगा। उनका भविष्य उज्ज्वल है और वह टॉप एक्ट्रेस बनने के काबिल भी हैं।"
अंत में सलमान ने प्रियंका से कहा, "शो खत्म होने के बाद मुझसे मिलना। मेरे पास तुम्हारे लिए कुछ दिलचस्प है।" खुश हुईं प्रियंका ने जवाब में कहा, "थैंक यू सर।"
विजेता
प्रियंका को बताया जा रहा 'बिग बॉस 16' की विजेता
'बिग बॉस 16' के विजेता को लेकर सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि इस बार ट्रॉफी धारावाहिक 'उड़ारियां' से लोकप्रिय हुईं प्रियंका के नाम होगी।
द खबरी ने भी प्रियंका को 'बिग बॉस 16' की विजेता बता दिया है। कई फैन क्लब उन्हें शो की विजेता बता रहे हैं।
सोशल मीडिया ट्रेंड के हिसाब से भी शो की विजेता के लिए प्रियंका का नाम सबसे ऊपर है, वहीं शिव ठाकरे भी उन्हें कड़ी टक्कर दे रहे हैं।