'बिग बॉस 20': आसिफ के दावे पर भड़कीं गौहर खान- मुस्लिम मर्द का नियम भूल गए?
क्या है खबर?
'पंचायत' के अभिनेता और 'बिग बॉस 20' के प्रतियोगी आसिफ खान अपने 'असली मर्द' वाले बयान को लेकर सोशल मीडिया पर घिर गए हैं। पिछले 'वीकेंड का वार' में सलमान खान से फटकार सुनने के बाद इस हफ्ते भी उन पर संकट मंडरा रहा है। 'बिग बॉस 7' की विजेता गौहर खान ने भी उनकी इस टिप्पणी की कड़ी आलोचना की है। माना जा रहा है कि इस हफ्ते भी उन्हें सलमान के गुस्से का सामना करना पड़ सकता है।
सवाल
ऐसी छोटी सोच दिखाने की क्या जरूरत थी?
गौहर ने इंस्टाग्राम पर आसिफ के हालिया बर्ताव पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा कि आसिफ का एक्टिंग करियर अच्छा चल रहा है, फिर उन्हें शो में आकर ऐसी छोटी सोच और बचकाना व्यवहार दिखाने की जरूरत क्यों पड़ी।
गौहर ने आगे लिखा कि जब रीति तिवारी, उदिति सिंह का बेहद घटिया तरीके से मजाक उड़ा रही थीं, तब आसिफ उन्हें देखकर मजे ले रहे थे। उनका रवैया ऐसा लग रहा था जैसे रीति की कही बातें उनकी अपनी सोच हों।
पहचान
मर्द की असली पहचान सोच और व्यवहार से होती है- गौहर
गौहर लिखती हैं, 'ये देखकर बुरा लगा। वो इतने अच्छे अभिनेता हैं, पर हर चीज में ऐसी सोच छोटी लगती है। कहते हैं 'मर्द की निशानियां मूंछ होती हैं', हाहाहा। इस्लाम में तो मुसलमान मर्द के लिए बिना मूंछ के रहना सुन्नत (अच्छा तरीका) माना जाता है, क्या वो यह भूल गए हैं?
गौहर ने बात खत्म करते हुए लिखा, 'मर्द की असली पहचान उसकी ऊंची सोच और उसका अच्छा व्यवहार होता है। काश उन्हें ये बात पता होती।'
निशाना
काजी तौकीर से बर्ताव और फर्जी बोली पर भी उठाए सवाल
एक अन्य वीडियो में गौहर ने काजी तौकीर संग हुए बर्ताव को लेकर यंग DSA और उनके ग्रुप पर सवाल उठाए।
उन्होंने पूछा कि क्या यंग के दोस्त तब भी उन्हें स्वीकार करेंगे, जब उन्हें पता चलेगा कि वो अपनी आवाज और बोलने का तरीका भी बदल रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल इंटरव्यू वीडियो में यंग को सामान्य तरीके से बात करते हुए देखा जा सकता है। गौहर ने इन्हीं वीडियो का जिक्र कर उनकी बातों पर सवाल उठाए।
विवादित बयान
आसिफ ने कहा था- बिना मूंछ के मर्द नहीं होते
गुल्लू ने यंग DSA पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें गलतफहमी है कि वही पूरा घर चला रहे हैं।
उन्होंने यंग के ग्रुप के सभी सदस्यों की एक जैसी मूंछों पर भी सवाल उठाया। वहीं, सबसे ज्यादा 'रिजेक्टेड' ठप्पे मिलने के बाद आसिफ ने यंग का बचाव किया।
आसिफ मूंछों का समर्थन कर बोले कि वो राजस्थान से हैं और वहां मूंछें शान की निशानी मानी जाती हैं। उनके मुताबिक, बिना मूंछ वाले पुरुषों को मर्द नहीं माना जाता।