Page Loader
जलवायु परिवर्तन को लेकर हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में स्पीच देंगी भूमि पेडनेकर
हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में स्पीच देंगी भूमि पेडनेकर

जलवायु परिवर्तन को लेकर हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में स्पीच देंगी भूमि पेडनेकर

Feb 19, 2022
02:44 pm

क्या है खबर?

अभिनय की दुनिया में अभिनेत्री भूमि पेडनेकर का अपना अलग जलवा है। एक के बाद एक कई फिल्में उनके खाते से जुड़ी हुई हैं। फिल्मों के अलावा भूमि अपने सामाजिक दायित्व को भी बखूबी निभाना जानती हैं। जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण के मुद्दे को लेकर वह हमेशा मुखर रहती हैं। अब ऐसी चर्चा चल रही है कि जलवायु परिवर्तन को लेकर वह दुनिया के मशहूर विश्वविद्यालय हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में अपना स्पीच देंगी।

रिपोर्ट

हार्वर्ड के विद्यार्थियों को जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूक करेंगी भूमि

फ्री प्रेस जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, जलवायु परिवर्तन के मुद्दे को लेकर भूमि हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में अपना स्पीच देंगी। वह अपने भाषण के जरिए हार्वर्ड के विद्यार्थियों से रूबरू होंगी और उन्हें जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूक करेंगी। वह इस बात पर भी अपना विचार रखेंगी कि क्यों आज के युवाओं को जलवायु परिवर्तन के बारे में अधिक मुखर होने की आवश्यकता है। वाकई में भूमि के लिए यह बड़ी उपलब्धि है।

अभियान

भूमि ने शुरू किया था 'क्लाइमेट वॉरियर' नामक अभियान

भूमि ने 'क्लाइमेट वॉरियर' नामक एक अभियान भी शुरू किया है, जिसके माध्यम से वह पर्यावरण को बचाने के लिए अपनी आवाज बुलंद करती हैं। उन्होंने कहा, "कैसे जलवायु परिवर्तन हम सभी के जीवन को प्रभावित करने वाला है। मैं अपने देश और दुनियाभर में इस मुद्दे को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना चाहती थी। मुझे यह कहते हुए खुशी हो रही है कि मैं अपने आसपास के लोगों को धीरे-धीरे बदलते हुए देख सकती हूं।"

कलाकार

कई कलाकार पर्यावरण को लेकर कर रहे जागरूक

भूमि ही नहीं, बल्कि कई कलाकार पर्यावरण को लेकर जागरूकता फैला रहे हैं। दीया मिर्जा को इस क्षेत्र में काम करने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति मिली है। आमिर खान के NGO पानी फाउंडेशन ने महाराष्ट्र राज्य में सूखे की रोकथाम और वाटरशेड प्रबंधन की दिशा में काम किया है। अजय देवगन ने गुजरात के पाटन जिले में एक सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने में मदद की है। प्रियंका चोपड़ा भी पर्यावरण को लेकर पहल करती रहती हैं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

जलवायु परिवर्तन से तात्पर्य तापमान और मौसम के पैटर्न में दीर्घकालिक बदलाव से है। इससे ग्लोबल वार्मिंग और पृथ्वी के मौसम पर प्रभाव पड़ रहा है। यह समस्या बढ़ी, तो धरती पर जीवन अधिक असंतुलित हो जाएगा। लोगों को बाढ़, सूखा जैसी समस्या झेलनी पड़ेगी।

वर्कफ्रंट

इन फिल्मों में नजर आएंगी भूमि

भूमि हाल में फिल्म 'बधाई दो' में अभिनेता राजकुमार राव के साथ दिखी हैं। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की शुरुआत बेहद धीमी रही। वह राजकुमार के साथ फिल्म 'भीड़' में भी काम कर रही हैं। इसके अलावा भूमि, अर्जुन कपूर की फिल्म 'लेडी किलर' में नजर आएंगी। नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ फिल्म 'अफवाह' में भी उनके दिखने की खबर सामने आ चुकी है। करण जौहर की 'तख्त' और 'गोविंदा नाम मेरा' के साथ भी उनका नाम जुड़ा है।