Page Loader
भूमि पेडनेकर ने इन किरदारों से बनाई पहचान, उम्दा प्रदर्शन से सजीं ये फिल्में हैं सबूत
भूमि पेडनेकर के शानदार किरदार

भूमि पेडनेकर ने इन किरदारों से बनाई पहचान, उम्दा प्रदर्शन से सजीं ये फिल्में हैं सबूत

लेखन मेघा
Oct 06, 2023
07:39 pm

क्या है खबर?

भूमि पेडनेकर पिछले काफी समय से अपनी फिल्म 'थैंक यू फॉर कमिंग' को लेकर सुर्खियां बटोर रही थीं, जिसने 6 अक्टूबर को सिनेमाघरों का दरवाजा खटखटाया है। फिल्म में भूमि एकदम अलग अवतार में नजर आई हैं और दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब रही हैं। इसमें भूमि का किरदार एक ऐसी लड़की का है, जो बहुत बोल्ड है और अपने यौन जीवन से परेशान है। आइए इस मौके पर अभिनेत्री के कुछ बेहतरीन किरदारों पर नजर डालते हैं।

#1

'दम लगाके हईशा'

2015 में रिलीज हुई फिल्म 'दम लगाके हईशा' से भूमि में फिल्मी दुनिया में कदम रखा था। इस फिल्म में भूमि संध्या के किरदार में नजर आई थीं, जिसका बढ़ा हुआ वजन उसकी शादीशुदा जिंदगी में परेशानी लेकर आता है। इस फिल्म के लिए भूमि को असल में अपना वजन बढ़ाना पड़ा था और आयुष्मान खुराना के साथ उनकी जोड़ी भी कमाल की लगी थी। इस फिल्म को अमेजन प्राइम वीडियो पर देखा जा सकता है।

#2

'बाला'

2019 में रिलीज हुई 'बाला' में एक बार फिर भूमि आयुष्मान के साथ नजर आई थीं तो यामी गौतम भी फिल्म का हिस्सा थीं। अमर कौशिक के निर्देशन में बनी इस फिल्म में एक ऐसे लड़के की कहानी दिखाई गई थी, जिसके बाल उम्र से पहले ही झड़ने लगते हैं। फिल्म में भूमि एक सांवली लड़की के किरदार में नजर आई थीं, जिसे उन्होंने बखूबी निभाया था। इस फिल्म का लुत्फ डिज्नी+हॉटस्टार पर उठाया जा सकता है।

#3

'सोनचिड़िया'

अभिषेक चौबे की 2019 में रिलीज हुई फिल्म 'सोनचिड़िया' भले ही बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करने में सफल नहीं हो पाई थी, लेकिन इसकी कहानी और सितारों के प्रदर्शन को काफी सराहा गया था। फिल्म डाकुओं की कहानी पर आधारित है, जो अपने सरदार की मौत के बाद अलग हो जाते हैं। फिल्म में भूमि ने एक गांव की सशक्त महिला का किरदार निभाया है, जिसमें वह शानदार लगी थीं। यह फिल्म ZEE5 पर मौजूद है।

#4

'सांड की आंख'

'सांड की आंख' 2019 में आई थी, जिसके निर्देशन की कमान तुषार हीरानंदानी ने संभाली थी। यह फिल्म शूटर दादी चंद्रो और प्रकाशी के जीवन पर आधारित थी, जिसमें भूमि के साथ तापसी पन्नू मुख्य भूमिका में थीं। फिल्म में भूमि शूटर दादी के किरदार में खूब जची थीं। उन्होंने न सिर्फ अपने रंग-रूप, बल्कि चाल-ढाल को भी बदल दिया था, वहीं हरियाणवी बोली में भी भूमि कमाल की लगी थीं। यह फिल्म ZEE5 पर देखी जा सकती है।

#5

'बधाई दो'

पिछले साल भूमि, हर्षवर्धन कुलकर्णी के निर्देशन में बनी फिल्म 'बधाई दो' में नजर आई थीं। इस फिल्म में उनकी जोड़ी राजकुमार राव के साथ बनी थी। फिल्म की कहानी एक ऐसे जोड़े की थी, जिन्हें एक-दूसरे प्यार नहीं है। फिर भी किसी वजह से एक-दूसरे से शादी करने का फैसला करते हैं। फिल्म में एक समलैंगिक महिला का किरदार भूमि ने बेहतरीन ढंग से निभाया था। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर मौजूद है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

बड़े पर्दे पर अपनी पहचान बनाने से पहले भूमि कैमरे के पीछे काम करती थीं। दरअसल, अभिनेत्री मशहूर कास्टिंग निर्देशक शानो शर्मा की सहायक थीं और उन्होंने कई साल तक उनके साथ काम किया था। भूमि ने पंकज त्रिपाठी का ऑडिशन भी लिया था।