एक्शन से लेकर ड्रामा, रोमांस और कॉमेडी तक, इस हफ्ते OTT और सिनेमाघरों में सब मिलेगा
क्या है खबर?
इस हफ्ते वो फिल्में दर्शकों के बीच आ रही हैं, जिनका इंतजार लंबे समय से किया जा रहा था।
जहां एक तरफ राजकुमार राव फिल्म 'भीड़' लेकर सिनेमाघर पहुंच रहे हैं, वहीं OTT प्लेटफॉर्म पर भी लोगों के पास कम विकल्प उपलब्ध नहीं हैं।
खास बात यह है कि मार्च के इस हफ्ते दर्शकों को हर तरह का कंटेंट देखने को मिलेगा।
आइए जानते हैं इस हफ्ते कौन-सी फिल्में रिलीज होंगी और इन्हें आप कहां देख सकते हैं।
#1
'भीड़'
सबसे पहले बात करते हैं फिल्म 'भीड़' की, जिसमें राजकुमार राव और अभिनेत्री भूमि पेडनेकर मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म को लेकर काफी विवाद भी हो चुका है। ऐसे में इसकी कहानी को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।
इसमें आशुतोष राणा से लेकर कृतिका कामरा और दीया मिर्जा जैसे कई कलाकार हैं। 'आर्टिकल 15' और 'मुल्क' जैसी शानदार फिल्मों का निर्देशन कर चुके अनुभव सिन्हा इसके निर्देशक हैं।
लॉकडाउन पर बनी यह फिल्म 24 मार्च को सिनेमाघरों में आएगी।
#2
'चोर निकल के भागा'
यामी गौतम की फिल्म 'चोर निकल के भागा' नेटफ्लिक्स पर दर्शकों का मनोरंजन करने वाली है। यह 24 मार्च को दर्शकों के बीच आ रही है। यह एक थ्रिलर फिल्म है, जिसमें यामी के साथ अभिनेता सनी कौशल नजर आएंगे।
फिल्म में यामी गौतम एयर होस्टेस की भूमिका में हैं, वहीं सनी यात्री के किरदार में हैं, जो यामी के मंगेतर बने हैं और दोनों कर्ज में डूबे हुए हैं। अजय सिंह ने इस फिल्म का निर्देशन किया है।
#3
'कंजूस मक्खीचूस'
कॉमेडी फिल्म 'कंजूस मक्खीचूस' जमनाप्रसाद पांडे (कुणाल खेमू) नाम के एक कंजूस आदमी की कहानी है, जो अपनी कंजूसी के कारण पूरे उत्तर प्रदेश के देवरिया शहर में बदनाम है।
उसके पिता गंगाप्रसाद पांडे (पीयूष मिश्रा), माता सरस्वती पांडे (अलका अमीन), पत्नी (श्वेता त्रिपाठी) और बेटा उसकी कंजूसी वाली आदतों से तंग आ चुके हैं। इस फिल्म में दिवंगत कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव ने भी अहम भूमिका निभाई है।
यह 24 मार्च को ZEE5 पर दस्तक देने वाली है।
#4
'बकासुरन'
'बकासुरन' 24 मार्च से OTT प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम पर स्ट्रीम होने जा रही है। अगर आप भी अब तक इस फिल्म को नहीं देख पाए हैं तो अब आपके पास इसे OTT पर देखने का सुनहरा मौका है।
हालांकि, इस क्राइम-थ्रिलर फिल्म को सिनेमाघरों में दर्शकों और समीक्षकों से कुछ खास प्रतिक्रिया नहीं मिली थी।
'बकासुरन' में सेल्वाराघवन और नटराजन सुब्रमण्यम जैसे शानदार कलाकार लीड रोल में हैं। फिल्म में महिलाओं के प्रति हिंसा को दर्शाया गया है।
#5
'ऑपरेशन मेफेयर'
जिमी शेरगिल जल्द ही फिल्म 'ऑपरेशन मेफेयर' में नजर आएंगे। इसमें जिमी का एक अलग ही अंदाज दिखने वाला है। फिल्म में उनके किरदार का नाम अमर सिंह है। सुदिप्तो सरकार ने इस फिल्म का निर्देशन किया है।
यह क्राइम-थ्रिलर फिल्म 24 मार्च को सिनेमाघरों में आ रही है। फिल्म में जिमी के साथ अंकुर भाटिया, रितिका छिब्बर और वेदिका दत्त मुख्य भूमिका में हैं।
इस फिल्म का प्रमोशन सिर्फ सोशल मीडिया के जरिए किया गया है।
#6 और #7
'पठान' और 'हंटर'
इस हफ्ते 22 मार्च को शाहरुख खान की 'पठान' अमेजन प्राइम वीडियो पर आई है। अब आप इस ब्लॉकबस्टर फिल्म का लुत्फ घर बैठे-बैठे उठा सकते हैं। फिल्म के OTT वर्जन में वो सीन भी जोड़े दिए गए हैं, जिन पर सेंसर बोर्ड ने कैंची चला दी थी।
दूसरी तरफ सुनील शेट्टी भी 22 मार्च को अपनी नई एक्शन थ्रिलर सीरीज 'हंटर' के साथ अमेजन मिनी टीवी पर दस्तक दे चुके हैं। इसमें ईशा देओल भी अहम भूमिका में हैं।
#8
'तू जख्म है सीजन 2'
'तू जख्म है सीजन 2' एक रोमांटिक थ्रिलर शो है और इसे MX प्लेयर पर 23 मार्च से स्ट्रीम किया जा रहा है। यह शो 9 एपिसोड में बंटा है। गशमीर महाजनी और डोनल बिष्ट इसमें मुख्य भूमिका निभा रहे हैं।
इस शो का पहला सीजन 2022 में आया था, जिसे दर्शकों से खूब प्यार मिला था। तभी से दर्शक 'तू जख्म है 2' की राह देख रहे थे और अब यह इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है।