बेनिसियो डेल टोरो का बेन स्टिलर संग 'प्रोटेक्टिव कस्टडी' से होगा कॉमेडी डेब्यू
बेनिसियो डेल टोरो अब बेन स्टिलर के साथ मिलकर एप्पल टीवी की एक नई कॉमेडी सीरीज 'प्रोटेक्टिव कस्टडी' में नजर आएंगे। यह शो बेन के किरदार पर आधारित है, जो एक ऐसे फाइनेंसर की भूमिका निभा रहे हैं, जिस पर धोखाधड़ी के बड़े आरोप लगे हैं और उसकी साख को भारी नुकसान पहुंचा है।
इन्हीं आरोपों के चलते उसे 'प्रोटेक्टिव कस्टडी' में डाल दिया जाता है, जहां उसे जेल की जिंदगी से जूझना पड़ता है। इस दौरान वह लगातार कोशिश करता है कि ट्रायल शुरू होने से पहले ही अपनी खराब हुई छवि को सुधार ले।
बेनिसियो की पहली मुख्य कॉमेडी सीरीज है 'प्रोटेक्टिव कस्टडी'
यह बेनिसियो की पहली कॉमेडी सीरीज होगी, जिसमें वह मुख्य किरदार में दिखेंगे। इससे पहले भी वह बेन के साथ 'एस्केप एट डैनमोरा' में काम कर चुके हैं, जिसका निर्देशन बेन ने ही किया था।
हालांकि, सीरीज में बेनिसियो का किरदार कैसा होगा, इस बारे में अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है। इस सीरीज को 'सिलिकॉन वैली' फेम माइक जज, स्टीव हेली और डेव किंग ने मिलकर बनाया है और माइक जज खुद इसके निर्देशन की बागडोर संभाल रहे हैं।
अगर आप मजेदार कॉमेडी और बड़े सितारों वाले शो देखने के शौकीन हैं, तो यह सीरीज आपके लिए खास हो सकती है।