Page Loader
दीपिका पादुकोण रातों-रात इन बड़ी फिल्मों से हुईं बाहर, सलमान खान की तो 4 फिल्में छोड़ी
दीपिका पादुकोण ठुकरा चुकीं ये फिल्में

दीपिका पादुकोण रातों-रात इन बड़ी फिल्मों से हुईं बाहर, सलमान खान की तो 4 फिल्में छोड़ी

May 22, 2025
06:59 pm

क्या है खबर?

दीपिका पादुकोण को जल्द ही शाहरुख खान के साथ फिल्म 'किंग' में देखा जाएगा, वहीं एटली की अल्लू अर्जुन अभिनीत फिल्म में भी उनकी एंट्री हो गई है। उधर यह चर्चा जोरों पर है कि दीपिका निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म 'स्पिरिट' से बाहर हो गई हैं। हालांकि, यह पहला मौका नहीं है, जब दीपिका ने अचानक किसी फिल्म से किनारा किया हो। आइए जानें दीपिका ने आज तक कौन-कौन सी फिल्में ठुकराई हैं।

#1

'रॉकस्टार'

दीपिका को रणबीर कपूर की फिल्म 'रॉकस्टार' का भी प्रस्ताव मिला था। निर्देशक इम्तियाज अली ने खुद यह खुलासा किया था कि नरगिस फाखरी नहीं, बल्कि दीपिका इस फिल्म के लिए उनकी पहली पसंद थीं, लेकिन 'रॉकस्टार' कई साल तक बन नहीं पाई और जब बनी तो दीपिका के पास डेट्स नहीं थीं। लिहाजा उन्होंने फिल्म का हिस्सा बनने से इनकार कर दिया। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही और इसे ठुकराने का पछतावा दीपिका काे आज भी होता है।

#2

'गंगूबाई काठियावाड़ी'

दीपिका को आलिया भट्ट की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'गंगूबाई काठियावाड़ी' का प्रस्ताव भी मिला था। संजय लीला भंसाली चाहते थे कि फिल्म में गंगूबाई का किरदार दीपिका निभाएं, जिन्होंने उनकी 'गोलियों की रासलीला रामलीला', 'पद्मावत' और 'बाजीराव मस्तानी' जैसी फिल्मों में काम किया था। हालांकि, दीपिका ने 'गंगूबाई काठियावाड़ी' ठुकरा दी थी, जिसने आलिया का कद बॉलीवुड में और ऊंचा कर दिया था। इस फिल्म में अपनी शानदार एक्टिंग के लिए आलिया ने कई पुरस्कार अपने नाम किए थे।

#3 और #4

'जब तक है जान' और 'धूम 3'

दीपिका और शाहरुख खान की जोड़ी ने कई फिल्मों में धमाल मचाया, लेकिन क्या आप जानते हैं कि दीपिका ने शाहरुख की सुपरहिट फिल्म 'जब तक है जान' में काम करने से इनकार कर दिया था। हालांकि, बाद में इसका हिस्सा न बन पाने का मलाल तो दीपिका को जरूर हुआ होगा। उधर आमिर खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धूम 3' का प्रस्ताव भी दीपिका ने ठुकरा दिया था। फिर इसमें उनकी जगह कैटरीना कैफ को लिया गया था।

सलमान की फिल्में

दीपिका ने ठुकराईं सलमान की ये 4 ब्लॉकबस्टर फिल्में

सलमान खान की फिल्म 'सुल्तान' का प्रस्ताव पहले दीपिका को मिला था, लेकिन उन्होंने इसके लिए हां नहीं की, जिसके बाद यह फिल्म अनुष्का शर्मा की झाेली में जा गिरी। इसके अलावा सलमान की सबसे कमाऊ फिल्म 'बजरंगी भाईजान' का प्रस्ताव भी ठुकरा दिया था, जिसके बाद यह फिल्म करीना कपूर को मिली थी। सलमान की 'किक' और 'प्रेम रतन धन पायो' के लिए पहले दीपिका से संपर्क किया था, लेकिन उन्होंने दोनों ही फिल्मों के लिए इनकार कर दिया।