
कियारा आडवाणी से पहले मेट गाला में दिखीं ये भारतीय हस्तियां, सबसे ज्यादा चमकीं प्रियंका चोपड़ा
क्या है खबर?
फैशन जगत का सबसे बड़ा कार्यक्रम माना जाने वाला मेट गाला चर्चा में है। 5 मई को इसका आयोजन न्यूयॉर्क के मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट में हुआ, वहीं भारतीय समय अनुसार इसे 6 मई को सुबह 3:30 बजे देखा गया।
इस साल शाहरुख खान और दिलजीत दोसांझ से लेकर कियारा आडवाणी तक ने मेट गाला में डेब्यू किया। प्रियंका चोपड़ा भी इसमें दिखीं।
आइए उन भारतीय हस्तियां के बारे में जानें, जो इससे पहले मेट गाला में दिख चुकी हैं।
#1
प्रियंका चोपड़ा
मेट गाला 2025 में प्रियंका ने अपनी पांचवीं उपस्थिति दर्ज कराई है। वह इस कार्यक्रम में सबसे ज्यादा शामिल होने वाले भारतीय कलाकार है।
प्रियंका पहली बार मेट गाला में 2017 में दिखाई दी थीं। यहां वह राल्फ लॉरेन के डिजाइन किए हुए थाई हाई स्लिट आउटफिट में पहुंची थीं। इस समारोह में उन्होंने निक जोनास के साथ हिस्सा लिया था।
इसके बाद 'देसी गर्ल' ने 2018, 2019 और 2023 में इस फैशन शो में शिरकत की।
#2
दीपिका पादुकोण
दीपिका पादुकोण 2017 में मेट गाला के रेड कार्पेट पर पहली बार नजर आई थीं। अपने डेब्यू में उन्होंने लग्जरी ब्रैंड टॉमी हिल फिगर के साटिन गाउन पहना था।
इसके बाद 2018 में वह प्रबल गुरुंग के रेड गाउन में दिखीं। इवेंट में उनके लुक ने सबका ध्यान आकर्षित किया था।
2019 में भी दीपिका ने मेट गाला के रेड कार्पेट पर दस्तक दी थी। इस बार वह मेटैलिक पिंक गाउन में बार्बी लुक के साथ पहुंची थीं।
#3
आलिया भट्ट
आलिया भट्ट ने साल 2023 में मेट गाला में कदम रखा था। इस दौरान उन्होंने कार्ल लेजरफेल्ड की थीम में पर्ल-एम्बेलिश्ड व्हाइट गाउन पहना था और उनका लुक सबको बहुत पसंद आया।
इसके बाद आलिया साल 2024 में मेट गाला के रेड कार्पेट पर जलवा बिखेरती दिखीं। 'द गार्डन ऑफ टाइम' थीम में उन्होंने सब्यसाची द्वारा डिजाइन की गई साड़ी पहनी थी।
आलिया ने बताया था कि उनकी इस साड़ी को तैयार होने में 1,965 घंटे का समय लगा है।
#4
ईशा अंबानी
2019 में मेट गाला में शामिल होने वाली भारतीय हस्तियों में ईशा अंबानी भी थीं। वह यहां प्रबल के तैयार किए हुए गाउन में पहुंची थीं।
इससे पहले उन्होंने 2017 में भी कार्यक्रम में दस्तक दी थी। उस साल उन्होंने अपना आउटफिट डियोर के लिए मारिया ग्रेजिया के डेब्यू कलेक्शन से चुना था।
ईशा पिछली बार 2024 में रेड कार्पेट पर चली थीं और मेट गाला 2025 में भी उनके लुक ने सबका दिल जीत लिया है।
#5
सुधा रेड्डी
सुधा रेड्डी एक समाज सेविका और बिजनेसवुमन हैं। वह अरबपति बिजनेसमैन मेघा कृष्ण रेड्डी की पत्नी हैं।
सुधा मेट गाला 2021 में नजर आई थीं। रेड कार्पेट के लिए उन्होंने डिजाइनर जोड़ी फाल्गुनी और शेन पीकॉक का आउटफिट पहना था।
उस साल वह रेड कार्पेट पर नजर आने वालीं इकलौती भारतीय हस्ती थीं। दरअसल, कोरोना वैश्विक महामारी के कारण कार्यक्रम को सितंबर में आयोजित किया गया था। आमतौर पर यह मई के पहले सप्ताह में होता है।
#6
नताशा पूनावाला
नताशा पूनावाला समाज सेविका और बिजनेसवुमन हैं। वह सीरम इंस्टिट्यूट के प्रमुख अदार पूनावाला की पत्नी हैं।
उन्होंने पहली बार 2018 में मेट गाला में दस्तक दी थी। 2019 में वह सिल्वर ब्लू गाउन में रेड कार्पेट पर बेहद सुंदर नजर आईं।
वह 2022 में भी मेट गाला में पहुंची थीं। 2022 में उनके रेड कार्पेट लुक ने सुर्खियां बटोरी थी।
मेट गाला 2025 से भी नताशा का लुक सामने आ चुका है, जो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है।
जानकारी
ये डिजाइनर भी आए नजर
डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने मेट गाला 2025 में कदम रखा है। डिजाइनर सब्यसाची भी दूसरी बार मेट गाला में नजर आए। पिछले साल सब्यसाची ने मेट गाला में डेब्यू किया था और वह इस इवेंट में शामिल होने वाले पहले भारतीय फैशन डिजाइनर बने।