
अनुष्का शेट्टी की OTT पर मौजूद शानदार फिल्में, एक को देख थर-थर कांपने लगे थे दर्शक
क्या है खबर?
साउथ की बेहतरीन अभिनेत्रियों पर चर्चा हो और अनुष्का शेट्टी का जिक्र न हो, ऐसा भला कैसे हो सकता है। अनुष्का ने अपने करियर में एक से बढ़कर एक फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाई हैं। फिलहाल वह फिल्म 'घाटी' को लेकर चर्चा में हैं, जिसका ट्रेलर सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। फिल्म में अभिनेत्री का खतरनाक अवतार देख दर्शकों के रोंगटे खड़े हो गए हैं। एक नजर OTT पर मौजूद अनुष्का के करियर की 5 बेहतरीन फिल्मों पर।
#1
'अरुणधति'
इस हॉरर फिल्म ने अनुष्का को तेलुगू सिनेमा में स्टार बना दिया था। फिल्म देख दर्शकों का दिल दहल गया था और डर के मारे पसीना छूटने लगा था। ये फिल्म एक महिला 'जय जम्मा' के पुनर्जन्म की कहानी है, जो एक अपने पिछले जन्म के दुश्मन की आत्मा से लड़ती है और उसे खत्म कर देती है। इसमें अनुष्का के साथ अभिनेता सोनू सूद नजर आए थे। MX प्लेयर पर मौजूद इस फिल्म को 10 नंदी पुरस्कार मिले थे।
#2
'बाहुबली'
अनुष्का के करियर की 5 बेहतरीन फिल्मों की बात हो और 'बाहुबली' शामिल न हो, ऐसा कैसे हो सकता है। यही वो फिल्म थी, जिसने अनुष्का को देशभर में लोकप्रिय किया था। बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई करने वाली इस फिल्म में अनुष्का ने देवसेना का किरदार निभाया था और अपनी शानदार अदाकारी से दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों का दिल भी जीत लिया था। जियो हॉटस्टार पर आप उनकी यह फिल्म देख सकते हैं।
#3
'मिर्ची'
अनुष्का ने अपने फिल्मी करियर में कई हिट फिल्में दीं, जिसमें 'मिर्ची' भी शुमार है। इसके निर्देशन का जिम्मा कोरातल्ला शिवा पर था। फिल्म में अनुष्का के साथ प्रभास नजर आए थे। 'मिर्ची' 2013 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तेलुगु फिल्मों में से एक थी। यह फिल्म हिंदी में 'खतरनाक खिलाड़ी' नाम से मौजूद है। इसे कन्नड़, बंगाली और उड़िया भाषा में भी रिलीज किया गया था। हॉटस्टार और अमेजन प्राइम वीडियो पर आप यह फिल्म देख सकते हैं।
#4 और #5
'रुद्रमादेवी' और 'भागमथी'
साल 2015 में आई अनुष्का की पीरियड ड्रामा फिल्म 'रुद्रमादेवी' में अनुष्का ने एक पुरुष का किरदार निभाया था। फिल्म में उनका अभिनय इतना जोरदार था कि अल्लू अर्जुन, राणा दग्गुबाती और प्रकाश राज भी फीके पड़ गए थे। यह फिल्म ZEE5 पर मौजूद है। उधर अनुष्का ने फिल्म 'भागमथी' में एक IAS की भूमिका निभाकर पर्दे पर धाक जमाई थी। ZEE5 और जियो हॉटस्टार पर यह फिल्म मौजूद है। इसके हिंदी रीमेक 'दुर्गामती' में भूमि पेडनेकर नजर आई थीं।