पर्दे पर कब आएगी आयुष्मान खुराना की फिल्म 'डॉक्टर जी'?
अभिनेता आयुष्मान खुराना अपनी एक के बाद एक फिल्मों से दर्शकों का मनोरंजन करने वाले हैं। 'डॉक्टर जी' भी उनकी आगामी बहुचर्चित फिल्मों में से एक है। इस फिल्म की रिलीज डेट का इंतजार दर्शकों को बेसब्री से था, जो आखिरकार खत्म हो गया है। आयुष्मान ने सोशल मीडिया पर अपनी इस फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। उन्होंने फिल्म का एक नया पोस्टर शेयर किया है। आइए जानते हैं कब रिलीज होगी आयुष्मान अभिनीत 'डॉक्टर जी'।
अगले साल 17 जून को दर्शकों के बीच आएगी फिल्म
आयुष्मान ने इस फिल्म का एक पोस्टर सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इस पोस्टर में उनके साथ रकुल प्रीत सिंह भी नजर आ रही हैं। दोनों डॉक्टर का कोट पहने दिखाई दे रहे हैं। इसे शेयर करते हुए आयुष्मान ने लिखा, '17 जून, 2022 को सिनेमाघरों में अपना अपॉइंटमेंट बुक करने के लिए तैयार हो जाएं, क्योंकि मैं, रकुलप्रीत और शेफाली, 'डॉक्टर जी' में एक साथ दिखने वाले हैं।' फिल्म में आयुष्मान एक डॉक्टर का किरदार निभा रहे हैं।
यहां देखिए आयुष्मान का पोस्ट
फिल्म की निर्देशक अनुभूति कश्यप ने जताई खुशी
फिल्म की निर्देशक अनुभूति कश्यप ने कहा, "फिल्म की शूटिंग पूरी होने के साथ हम अब इसे सिनेमाघरों के लिए तैयार करने के लिए कमर कस रहे हैं। मैं आयुष्मान, रकुल, शेफाली, जंगली पिक्चर्स और 'डॉक्टर जी' की पूरी टीम के साथ काम करने का मौका पाकर वास्तव में बहुत खुश हूं।" अनुभूति ने बताया, "फिल्म की टीम के साथ काम करना एक शानदार अनुभव रहा। मैं इस फिल्म को दर्शकों के बीच पेश करने के लिए उत्साहित हूं।"
पहली बार दिखेगी आयुष्मान और रकुल प्रीत की जोड़ी
'डॉक्टर जी' एक कॉलेज कैंपस ड्रामा कॉमेडी होगी। इसके जरिए पर्दे पर पहली बार आयुष्मान और रकुल प्रीत सिंह की जोड़ी नजर आएगी। आयुष्मान के किरदार का नाम डॉक्टर उदय गुप्ता होगा। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि पर्दे पर डॉक्टर की भूमिका निभाना उनके लिए गर्व की बात है। जहां रकुल इसमें डॉक्टर फातिमा का किरदार निभाएंगी, वहीं, शेफाली शाह फिल्म में सीनियर डॉक्टर नंदिनी की भूमिका में हैं। इस फिल्म की शूटिंग भोपाल, प्रयागराज में हुई है।
इन फिल्मों में भी नजर आएंगे आयुष्मान
आयुष्मान फिल्म 'चंडीगढ़ करे आशिकी' को लेकर भी चर्चा में हैं। अभिषेक कपूर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में वह वाणी कपूर के साथ इश्क फरमाते नजर आएंगे। आयुष्मान निर्देशक अनुभव सिन्हा की सोशल पॉलिटिकल थ्रिलर फिल्म 'अनेक' में मुख्य भूमिका निभाएंगे। इससे पहले सिन्हा के साथ आयुष्मान फिल्म 'आर्टिकल 15' में काम कर चुके हैं। आयुष्मान निर्देशक आनंद राय की फिल्म 'एक्शन हीरो' का हिस्सा हैं। भूषण कुमार इस फिल्म के प्रोडक्शन का काम संभाल रहे हैं।