इमरान खान ने तोड़ी थी शादी, अवंतिका मलिक का खुलासा- मैं ऐसा कभी नहीं करती
क्या है खबर?
अभिनेता इमरान खान से तलाक के वर्षों बाद उनकी पूर्व पत्नी अवंतिका मलिक ने अपने 18 साल लंबे रिश्ते के अंत पर खुलकर बात की है। उन्होंने खुलासा किया कि इमरान ने ही सबसे पहले अलग होने का सुझाव दिया था। 6 महीने अलग रहने के बाद दोनों ने तलाक ले लिया। अवंतिका ने स्वीकार किया कि रिश्ते के ढलते दौर में वे दोनों एक-दूसरे के प्रति 'अन्यायपूर्ण' हो गए थे। हालांकि वो इस रिश्ते को असफलता नहीं मानती हैं।
फैसला
इमरान चाहते थे दूरी, मैं कभी अलग नहीं होती
सोहा अली खान के यूट्यूब चैनल पर अवंतिका से पूछा गया कि अलगाव का विचार सबसे पहले किसने रखा तो उन्होंने बिना झिझक इमरान का नाम लिया।
उन्होंने कहा, "दरअसल, ये इमरान का फैसला था। मैं कभी ऐसा नहीं करती, शायद यह मेरा खुद का ही नुकसान होता, लेकिन मैं ऐसा कदम कभी नहीं उठाती। ये पूरी तरह से उनका निर्णय था।" अवंतिका ने आगे बताया कि शुरुआत में इमरान चाहते थे कि दोनों 'कुछ समय एक-दूसरे से अलग रहें'।
दर्द
अलग हुए तो लगा सोची हुई जिंदगी ही खत्म हो गई
अवंतिका ने बताया कि 6 महीने अलग रहने के बाद दोनों ने मिलकर फैसला किया कि तलाक लेना ही बेहतर है। उन्होंने कहा कि शुरुआत में अलग होना बहुत ही दुखद था। यह सिर्फ एक शादी का टूटना नहीं था, बल्कि उन सभी सपनों और उम्मीदों का खत्म होना था जो उन्होंने अपने आने वाले कल के लिए देखी थीं।
उन्होंने कहा, "जब हम अलग हुए तो लगा जैसे मेरी सोची हुई जिंदगी ही खत्म हो गई।"
अनुभव
"बिना समझे भावनात्मक बोझ के साथ आई थी रिश्ते में"
अपने 18 साल लंबे रिश्ते को याद करते हुए अवंतिका ने कहा कि उम्र बढ़ने के साथ वे दोनों काफी बदल गए।
किशोरावस्था से लेकर 30 की उम्र तक इंसान में परिपक्वता आती है और सोच बदल जाती है। उन्होंने स्वीकार किया कि वो बिना समझे भावनात्मक बोझ के साथ इस रिश्ते में आई थीं। 19 साल की उम्र में उन्हें लगता था कि उनकी खुशी के लिए साथी ही जिम्मेदार है, लेकिन वक्त के साथ ये सोच बदल गई।
खुशी
'रिश्ता घसीटने से बेहतर था अलग होकर खुशी तलाशना- अवंतिका
अवंतिका ने कहा कि बहुत कम उम्र से साथ रहने के कारण वक्त के साथ दोनों में बदलाव आए और अनजाने में एक-दूसरे के प्रति 'अन्यायपूर्ण' हो गए। शादी को बचाने के लिए उन्होंने हर मुमकिन कोशिश की और आखिरी दम तक प्रयास किया।
हालांकि, फैसले का मोड़ अचानक आया, लेकिन वे पहले भी अलग होने के करीब पहुंचे थे। आखिरकार, रिश्ता घसीटने के बजाय एक-दूसरे को अलग खुशी तलाशने की इजाजत देना ही बेहतर समझा।
सफर
साथ मिलकर बेटी की परवरिश कर रहे इमरान-अवंतिका
रिश्ता खत्म होने का दुख होने के बावजूद अवंतिका को अपने 18 साल के सफर पर गर्व है। उनके मुताबिक, नाम, शोहरत, सफलता और नाकामी के बीच परिवार बनाना भी एक बड़ी कामयाबी है।
जब उनसे पूछा गया कि वह 19 साल की उम्र में खुद को क्या सलाह देंगी तो उन्होंने कहा कि पहले अपने पैरों पर खड़े होना और खुद पर भरोसा करना सीखें, फिर शादी करें।
फिलहाल इमरान-अवंतिका मिलकर अपनी बेटी इमारा की परवरिश कर रहे हैं।