एआर रहमान अटारी बॉर्डर से बिखेरेंगे देशभक्ति का जादू, पहली बार होने जा रहा ऐसा कार्यक्रम
क्या है खबर?
सुरों के सरताज और ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान इतिहास रचने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। भारत के इतिहास में पहली बार वो अटारी बॉर्डर पर लाइव परफॉर्म करने जा रहे हैं। ये खास कॉन्सर्ट सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जांबाज और वीर जवानों को सम्मानित करने के लिए आयोजित किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक कदम से न सिर्फ जवानों का हौसला बढ़ेगा, बल्कि संगीत प्रेमियों के लिए भी ये बेहद भावुक और यादगार पल होने वाला है।
खास कार्यक्रम
7 जून को अटारी बॉर्डर पर गूंजेगा 'जय हो'
संगीतकार और गायक एआर रहमान 7 जून को अटारी बॉर्डर पर एक खास परफॉर्मेंस देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। 'जय हो- ए ट्रिब्यूट टू द ब्रेवहार्ट्स' नाम का ये खास समारोह सीमा सुरक्षा बल (BSF) के वीर जवानों को सम्मानित करने के लिए आयोजित किया जा रहा है। ये कार्यक्रम JCP स्टेडियम में परेड सेरेमनी के दौरान होगा। इसका आयोजन आने वाली फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' की टीम की तरफ से किया जा रहा है।
उद्देश्य
संगीत और कहानियों के जरिए BSF के शौर्य का जश्न मनाएंगे निर्माता
ये श्रद्धांजलि इस फिल्म और इसके निर्माताओं के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पल है। ये आयोजन सिर्फ फिल्म के प्रचार तक सीमित नहीं, बल्कि इसका असली मकसद उन जांबाज महिला और पुरुष सैनिकों के साहस और बलिदान को सलाम करना है, जो दिन-रात भारत की सीमाओं की रक्षा करते हैं। आयोजकों के मुताबिक, संगीत और कहानियों के जरिए BSF के इसी जज्बे और शौर्य का जश्न मनाने के लिए ये अपने तरह की पहली और अनोखी पहल है।
समय
अटारी बॉर्डर पर इस खास समय पर होगा ऐतिहासिक शो
'जय हो- ए ट्रिब्यूट टू द ब्रेवहार्ट्स' भारत के सबसे ऐतिहासिक स्थानों में से एक अटारी बॉर्डर पर होने वाला विशेष म्यूजिकल इवेंट है, जहां शाम साढ़े 4 बजे से साढ़े 5 बजे बजे के बीच रहमान लाइव परफॉर्म करेंगे। रहमान के विश्व प्रसिद्ध देशभक्ति गीत 'जय हो' के नाम पर रखे गए इस समारोह का आयोजन मुख्य रूप से BSF के शौर्य और देश के प्रति उनकी निस्वार्थ सेवा को सलाम करने के लिए किया जा रहा है।
आयोजन
संगीत, सिनेमा और देशभक्ति का महासंगम
इस ऐतिहासिक 'जय हो' इवेंट में संगीतकार रहमान के साथ फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' के निर्देशक इम्तियाज अली, अभिनेता वेदांग रैना और गायक मोहित चौहान, पूजा तिवारी व नर्गिस जैसे कलाकार शामिल होंगे। अटारी बॉर्डर पर संगीत, सिनेमा और देशभक्ति के इस संगम का मुख्य उद्देश्य देश के वीर जवानों के त्याग व समर्पण के प्रति आभार जताना है और फिल्म की रिलीज से पहले इसे एक सबसे बड़े और महत्वपूर्ण आयोजन के रूप में देखा जा रहा है।