'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' की अपरा मेहता संग कोलकाता में हुआ था ये अजब हादसा
अपरा मेहता, जो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थीं' में सावित्री विरानी के किरदार से मशहूर हुई थीं, उन्होंने हाल ही में अपने करियर के चरम दौर का एक अजीबोगरीब वाकया साझा किया।
यह तब की बात है जब वह कोलकाता के कला मंदिर में एक गुजराती नाटक कर रही थीं। जैसे ही वह वहां पहुंचीं, उन्होंने देखा कि पूरा हॉल दर्शकों से खचाखच भरा हुआ था। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि कुछ ही देर में हालात काबू से बाहर हो गए।
अपरा ने किया चौंकाने वाला खुलासा
अपरा ने बताया कि जैसे ही वह मंच पर पहुंचीं, प्रशंसकों ने हवा में करीब 8 हजार डंडिया उछाल दिए। इसके बाद तो माहौल पूरी तरह बदल गया, लोगों ने उन्हें खिंचना, धक्का देना और मंच पर घसीटना शुरू कर दिया।
उन्होंने यह भी बताया कि किसी ने उनकी हीरे की अंगुठी खिंचने की कोशिश की, तो किसी ने गलती से उन्हें सिगरेट से जला दिया, लेकिन इन सब हंगामे के बीच भी उन्होंने अपना आपा नहीं खोया।
उन्होंने प्रशंसकों से कहा, 'ठीक है, छू लो, क्या मिलेगा?' और आखिर में उन्हें सुरक्षित वहां से बाहर निकाला गया।
यह घटना बताती है कि भारत में टीवी सितारों के लिए प्रशंसक कितने जुनूनी हो सकते हैं। 'क्योंकि सास भी कभी बहू थीं' ने उन्हें घर-घर में मशहूर किया था और इतने सालों बाद भी उनकी लोकप्रियता बरकरार है।